सफाई पर दें विशेष ध्यान : एमएमसी आयुक्त विनय कृष्णा रेड्डी

हैदराबाद, मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त टी. विनय कृष्णा रेड्डी ने अधिकारियों को स्वच्छता, सफाई और कचरे के परिवहन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। एमएमसी आयुक्त ने हयात नगर सर्किल के अंतर्गत विभिन्न वार्डों का दौरा कर स्वच्छता, विकास कार्यों तथा संपत्ति कर वसूली की समीक्षा की। उन्होंने मुनगनूर रोड, वेंकटेश्वर कॉलोनी तथा साहेब नगर जोडू बावी क्षेत्रों में स्थित जीवीपी का निरीक्षण किया।
साथ ही स्वच्छ ऑटो चालकों के साथ कचरा संग्रहण एवं परिवहन प्रक्रिया की समीक्षा की। कुम्मरी कुंटा झील के आसपास कचरे का ढेर देखकर उन्होंने इसे तत्काल हटाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही झील के संरक्षण और स्वच्छता हेतु विशेष कदम उठाने का सुझाव दिया। झील के आसपास मौजूद गंदगी तथा जलकुंभी को पूर्णत हटाकर भविष्य में पुन जमा न होने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
आयुक्त ने मुनगनूर रोड पर प्रस्तावित कचरा संग्रहण तथा स्थानांतरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मुनगनूर रोड पर वर्षाजल नाले तथा जारी विकास कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए निर्धारित समय पर कार्य करने के निर्देश दिये। वनस्थलीपुरम वाटर टैंक के निकट प्रस्तावित नए हयात नगर सर्किल कार्यालय भवन के स्थल का भी उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने सचिवालय नगर में जारी थीम पार्क के कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जारी रखने के निर्देश दिए।
संपत्ति कर वसूली जोर
एमएमसी आयुक्त विनय कृष्णा रेड्डी ने हयात नगर सर्किल के अंतर्गत संपत्ति कर वसूली की प्रगति की समीक्षा कर वर्तमान माँग, बकाया तथा वसूली प्रतिशत संबंधी विवरण प्राप्त किए। बकाया करदाताओं पर विशेष अभियान चलाकर वसूली में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर दैनिक समीक्षा के माध्यम से वसूली में सुधार किया जाए।
अवसर पर हयात नगर सर्किल के उपायुक्त बी. वंशीकृष्णा, असिस्टेंट सिटी प्लानर विजयलक्ष्मी, कार्यकारी अभियंता नागेंद्र, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सूरज किरण गौड़, सहायक आयुक्त दिनेश सिंह एवं अन्य उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें… मारवाड़ी युवा मंच पर्ल महिला शाखा ने विद्यार्थियों में किया आवश्यक सामग्री का वितरण
सड़कों और गलियों से उठाए 89 लावारिस वाहन
सड़कों और गलियों में लावारिस छोड़े गये वाहनों को उठाने के लिए मल्काजगिरी नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके अंतर्गत 80 वाहन उठाये गये। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सड़कों और गलियों में लावारिस वाहन जहाँ भी कचरे के ढेर की तरह रखे गये, उन्हें उठाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इन वाहनों से न केवल कचरा जमा हो रहा है, ब्लकि मच्छरों की समस्या भी पैदा हो रही है। इस बात को ध्यान में रखते हुए लावारिस वाहनों को हटाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया।
एमएमसी आयुक्त टी. विनय कृष्णा रेड्डी ने बताया कि 14 सर्किलों में संबंधित उपायुक्तों की निगरानी में यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गयी। सर्वाधित उप्पल सर्कल में 23 वाहन, मौलाअली में 13 और बोइनपल्ली में 11 वाहन हटाये गये। अतिरिक्त आयुक्त सी.एन. रघुप्रसाद ने इस संबंध में विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर पहचान किये गये वाहनों को उठाने के निर्देश दिये।
यूसीडी विभाग की समीक्षा
मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त टी. विनय कृष्णा रेड्डी ने आज अर्बन कम्युनिटी डेवलपमेंट (यूसीडी) विभाग के परियोजना अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने बैंक लिंकेज के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बैंक लिंकेज अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नाइट शेल्टरों के प्रबंधन के संबंध में जानकारी प्राप्त कर वहाँ रहने वाले लोगों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएँ, स्वच्छता तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से मल्काजगिरि नगर निगम के मुख्य कार्यालय में इंदिरा महिला शक्ति कैंटीन की स्थापना करने का सुझाव अधिकारियों को दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



