धीरज धरे जनता : ईंधन को लेकर भट्टी ने की समीक्षा बैठक

हैदराबाद, हैदराबाद सहित कई उप-शहरी इलाकों में पेट्रोल पंपों पर मची हायतौबा के बाद बुधवार को उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का के नेतृत्व में मंत्रियों एवं अधिकारियों की उच्च स्तरीय की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि राज्य में तत्काल ईंधन की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों ने एलपीजी कंपनियों की कुछ समस्याओं का उल्लेख भी किया। उप-मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि अफवाहों पर लगाम लगाकर स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए कड़े क़दम उठाए जाएं।

तेलंगाना विधान सभा में आयोजित बैठक में मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी एवं मुख्य सचिव के. रामकृष्णा राव के अलावा गैस एवं पेट्रोल वितरण कंपनियों तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे। इससे पूर्व नागरिक आपूर्ति मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की कमी उत्पन्न होने की कोई संभावना नहीं है। विशेष रूप से हैदराबाद में लंबी कतारों को देखकर पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की कमी होने की अफवाहें फैल रही हैं। उन्होंने जनता से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

राज्य विधानसभा परिसर में नागरिक आपूर्ति विभाग के आयुक्त स्टीफन रवींद्र के साथ मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि ईंधन संसाधनों और एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों से भ्रमित न हों। उन्होंने बताया कि आने वाले तीन महीनों के लिए पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने ईंधन की आपूर्ति में उल्लेखनीय वृद्धि की है। माँग से अधिक आपूर्ति जारी है।

उदाहरण के तौर पर बुधवार को 17,246 किलोलीटर की माँग के मुकाबले 17,898 किलोलीटर की आपूर्ति की गई, जिससे 652 किलोलीटर अतिरिक्त भंडार उपलब्ध रहा। इसके अतिरिक्त 16,000 किलोलीटर ईंधन का अतिरिक्त भंडारण किया गया है और 1200 अतिरिक्त टैंकरों का उपयोग किया जा रहा है।

घबराहट से ईंधन की मांग में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी

मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं में घबराकर के कारण दैनिक माँग अचानक 25 प्रतिशत बढ़ गई है। फिर भी औसतन दैनिक आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई है और लगभग 22 प्रतिशत अतिरिक्त ईंधन भंडार उपलब्ध है। हालांकि कुछ पेट्रोल पंपों पर निर्धारित समय पर टैंकर नहीं पहुँचने के कारण वहाँ नो स्टॉक बोर्ड लगाए जा रहे हैं, लेकिन वास्तव में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अफवाहों पर विश्वास कर उपभोक्ताओं द्वारा कंटेनरों और डिब्बों में पेट्रोल-डीज़ल ले जाना अवैध और अत्यंत खतरनाक है।

पेट्रोलियम भंडार अगले 65 दिनों के लिए पर्याप्त है और आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए ओजीसी लाइन का विस्तार किया गया है। राज्य की राजधानी में 596 पेट्रोल पंप निरंतर कार्य कर रहे हैं और हैदराबाद सहित पूरे राज्य में कहीं भी कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद, सूरत, बेंगलुरु, धारवाड़ और बेलगाम जैसे शहरों में भी इसी प्रकार की स्थिति देखी गई है।

एलपीजी के संबंध में मंत्री ने कहा कि किसी प्रकार की कमी नहीं है, हालांकि वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति में कुछ समस्याएं देखी गई हैं। अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे 2,952 वाणिज्यिक सिलेंडरों को अधिकारियों ने जब्त कर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। पेट्रोल, डीज़ल और घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। राज्य के लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम में न पड़ें और अफवाहों पर विश्वास न करें।

यह भी पढ़ें… जनता का ध्यान भटकाने फार्मूला ई रेस का मामला उठाया गया : केटीआर

प्रधानमंत्री की घोषणा से भयभीत हो गये हैं लोग- पोनम प्रभाकर

परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि पेट्रोल और डीज़ल को लेकर कोरोना जैसी स्थिति उत्पन्न होने संबंधी प्रधानमंत्री की घोषणा के कारण लोग भयभीत हो गए हैं। घबराहट में लोग पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर बात करनी चाहिए।

पेट्रोल पंप मालिकों से पुराने बकाये के 70-80 लाख रुपये तुरंत जमा करने के लिए कहा जा रहा है और भुगतान करने पर ही स्टॉक देने की बात कही जा रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के बयान के कारण तेलंगाना के लोग भयभीत हो रहे हैं, जबकि राज्य में 60 दिनों के लिए पर्याप्त पेट्रोल और डीज़ल उपलब्ध है। केंद्र सरकार को हस्तक्षेप कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button