अग्रवाल शिक्षा समिति में व्यक्तित्व विकास प्रेरणादायक व्याख्यान
हैदराबाद, अग्रवाल शिक्षा समिति, चारकमान द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से व्यक्तित्व विकास प्रेरणात्मक व्याख्यान का आयोजन किया गया। यहाँ समिति के सेडमल हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मानद सचिव सीए नवीन कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। ट्रस्ट बोर्ड अध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर ने अपने उद्बोधन में व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का संदेश दिया।







मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी.डी. राठी ने सकारात्मक सोच, आत्म सम्मान, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण तथा जीवन मूल्यों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जीवन में उच्च आदर्श स्थापित करने और निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्तित्व दो तरह के होते हैं – भौतिक व आध्यात्मिक। आध्यात्मिक व्यक्तित्व का विकास सर्वनिहित चैतन्य शक्ति को जागृत करने और स्वयं को पहचान से होता है।
अगर हम अपने भीतर के चैतन्य और उसकी असीम शक्ति को जगा लेते हैं तो बाहरी व्यक्तित्व का निर्माण स्वयं प्रशस्त हो सकता है। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व है, जो ईश्वर की सत्ता को मानती है। सभी को उन्नति का शुभ अवसर प्रदान करती है। व्यक्तित्व का अर्थ कभी भी शारीरिक संरचना एवं वस्त्र धारण व आकर्षण नहीं समझना चाहिए। वास्तविक अर्थों में व्यक्तित्व का निर्माण मनुष्य के संस्कार में निहित आदर व मान-सम्मान की भावनाएं और स्वाभिमान आत्मविश्वास से होता है।
यह भी पढ़ें… बहुभाषी अनुवाद सॉफ्टवेयर ‘सारथी’ पर किया गया कार्यशाला का आयोजन
विद्यार्थियों को मूल्य आधारित जीवन व लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा
समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार केड़िया ने कहा कि बी. डी. राठी को सुनने के पश्चात कुछ कहना उचित न होगा। उनका व्यक्तित्व इतना प्रेरणादायक और अनुकरणीय है कि हम सब लाभान्वित हुए हैं। उनके द्वारा बताए गए मूल्य पर अगर हम थोड़ा भी अमल करते हैं तो हमारा व्यक्तित्व परिष्कृत होगा और हमें अपने लक्ष्य की प्राप्ति करने में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन एन बी साइंस कॉलेज उपप्राचार्य जी. कविता ने किया।
एन बी साइंस कॉलेज की प्राध्यापिका (रसायन शास्त्र) एम. आशिता ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया। एस बी साइंस कॉलेज की रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ एम मालती ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान द्वारा किया गया। अवसर पर समिति के मानद सचिव सीए नवीन कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष ट्रस्ट बोर्ड डॉ. श्याम सुंदर, समिति की शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यगण, प्राध्यापकगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों सहित समिति की अकादमिक निर्देशिका डॉ. सरोज जैन एवं संयुक्त एकैडमिक निदेशक डॉ. राजेश अग्रवाल भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



