पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया पर वैश्विक नेताओं से की चर्चा
नई दिल्ली, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे के दौरान 5 देशों के राष्ट्राध्यक्षों से फोन पर बात की। पीएम ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उन्होंने फोन पर बातचीत के दौरान क्षेत्र में तनाव कम करने, संवाद बढ़ाने और शांति बहाली की जरूरत पर जोर दिया।
पीएम ने बताया कि उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और जॉर्डन के राजा किंग अब्दुल्ला II से बातचीत की। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने बताया कि PM ने कुवैत के क्राउन प्रिंस से भी बात की थी।
पीएम के मुताबिक, मैक्रों से बातचीत में कहा कि हालात चिंताजनक हैं और तनाव कम करने के लिए बातचीत और कूटनीति जरूरी है। दोनों नेताओं ने शांति और स्थिरता के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई।
पीएम ने बताया कि उन्होंने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक को ईद की बधाई दी और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। उन्होंने ओमान की संप्रभुता के उल्लंघन की निंदा की और वहां से भारतीयों सहित लोगों की सुरक्षित वापसी में उसकी भूमिका की सराहना की। दोनों देशों ने होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित जहाजों की आवाजाही पर भी जोर दिया।
पीएम मोदी ने कुवैत पर हुए हमलों की निंदा की
इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पीएम मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबाह से बुधवार रात बात की थी। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर बात की और हाल की घटनाओं पर चिंता जताई। प्रधानमंत्री ने कुवैत पर हुए हमलों की कड़ी निंदा भी की।
रणधीर जायसवाल के मुताबिक, पीएम मोदी ने क्राउन प्रिंस से कहा कि होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित और बिना रुकावट के जहाजों का निकलना भारत के लिए बहुत जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कुवैत में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा के लिए क्राउन प्रिंस का धन्यवाद भी किया, क्योंकि वहां बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय रहता है।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





