घरों के नौकरों के जरिए चल रहे ड्रग्स रैकेट का पुलिस ने किया पर्दाफाश
हैदराबाद, नगर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस की जाँच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिसमें अफ्रीकी ड्रग तस्करी गैंग और स्थानीय तस्करों के अब घरेलू कर्मचारियों के जरिए अपना नेटवर्क चलाने का भंडाफोड़ हुआ।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि तस्कर अब बड़े घरों और प्रतिष्ठित लोगों के यहां काम करने वाले नौकर, वॉचमैन और पर्सनल असिस्टेंट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन कर्मचारियों के मोबाइल नंबर और बैंक खातों, खासकर यूपीआई आईडी के जरिए लेन-देन और बातचीत की जा रही है, जिससे असली आरोपी सामने नहीं आते।
मुंबई, बेंगलुरू, गोवा से हो रही सप्लाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ड्रग्स की डिमांड अक्सर मुंबई, बेंगलुरू और गोवा जैसे शहरों में बैठे बड़े सप्लायर्स तक पहुंचाई जाती है। इसके बाद ड्रग्स को सब पेडलर्स और कूरियर चेन के जरिए शहर तक पहुंचाया जाता है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हाल के कई मामलों में ड्रग्स की डिलीवरी सीधे उपभोक्ताओं को नहीं दी गई, बल्कि उनके सहायकों या घरेलू कर्मचारियों को सौंपी गई। इससे असली खरीददार खुद को इस अवैध कारोबार से दूर दिखा पाते हैं।
यह भी पढ़ें… पेयजल के दुरुपयोग पर लगेगा जुर्माना : जलबोर्ड
मोबाइल डेटा से सामने आए नए लिंक
पुलिस द्वारा जब्त मोबाइल फोन के विश्लेषण में कई संदिग्ध संपर्क सामने आए हैं, जिनमें छोटे पर्दे (टीवी) से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी तक इन हस्तियों को सीधे ड्रग्स सप्लाई का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है। जांच एजेंसियां अब गिरफ्तार तस्करों के मोबाइल डेटा के आधार पर संदिग्ध खरीददारों की सूची तैयार कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस सूची में शामिल लोगों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे। ड्रग्स से जुड़े पुराने मामलों में शामिल व्यक्तियों पर भी पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। उनके मूवमेंट, प्राइवेट पार्टियों में भागीदारी और नए नेटवर्क से संभावित कनेक्शन पर नजर रखी जा रही है। बताया गया कि इस नए तरीके का खुलासा होने के बाद अब पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने और इसके मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



