पुलिस आयुक्त ने स्टील फ्लाई ओवर के कार्यों का जायजा लिया

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने बंजारा हिल्स रोड नं. 2 के पास मुग्धा जंक्शन पर निर्माणाधीन स्टील फ्लाई ओवर के कार्यों का जायजा लिया। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए अमल में लाए जा रहे हैदराबाद सिटी इन्नोवेटिव एण्ड ट्रांसफार्मेटिव इफ्रास्ट्रक्चर (एच-सिटी) प्रॉजेक्ट के कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इस प्रॉजेक्ट के तहत ही मुग्धा जंक्शन के पास स्टील फ्लाई ओवर का निर्माण किया जा रहा है। पुलिस आयुक्त सज्जनार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जीएचएमसी अधिकारियों और मेघा इंजीनियरिंग कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर स्टील फ्लाई ओवर के कार्यों की समीक्षा की।

इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए सज्जनार ने कहा कि इस प्रॉजेक्ट के तहत किए जा रहे कार्यों का मुख्य उद्देश्य शहर में बिना ट्रैफिक सिग्नल वाली सड़कों की व्यवस्था को अमल में लाना है। उन्होंने बताया कि अगले दो वर्ष के दौरान शहर में सिग्नल फ्री ट्रैफिक व्यवस्था प्रारंभ हो जाएगी। इसके लिए विशेषकर केबीआर पार्क के आस-पास कुल 7 फ्लाई ओवर और अंडर पास बनाए जाएँगे। उन्होंने बताया कि ये सभी निर्माण जीएचएमसी, राज्य सरकार और पुलिस विभाग द्वारा आपस में समन्वय करते हुए चरण स्तर पर किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें… रामचंदर राव ने किया मूसी सौंदर्यीकरण के नाम पर गरीबों को बेघर किये जाने का विरोध

कार्य रात में भी जारी रहेगा, यातायात में न्यूनतम परेशानी

सज्जनार ने बताया कि मुग्धा जंक्शन से केबीआर पार्क की ओर जाने वाली सड़क पर 6 पिल्लर बनाने का कार्य शुक्रवार की रात से प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि कार्य तेजी से किए जाएँगे और रात के समय भी कार्य जारी रहेगा। इस दौरान वाहनीय यातायात में कोई परेशानी न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि पिल्लर स्थापित करने और फाउंडेशन डालने के समय कुछ यातायात की समस्या उत्पन्न हो सकती है, लेकिन फाउंडेशन और पिल्लर स्थापित होने के बाद फ्लाई ओवर के ऊपरी कार्य को लेकर कोई परेशानी नहीं होगी।

सज्जनार ने बताया कि इस बड़े प्रॉजेक्ट के पूर्ण होने पर केबीआर पार्क के आस-पास का इलाका पूरी तरह से सिग्नल फ्री जंक्शन बन जाएगा, जिससे शहर के सेंट्रल, ईस्ट और वेस्ट इलाकों में आसानी से व तेजी से आना-जाना हो सकेगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के चलते इस रूट पर कार्य की स्थिति के आधार पर यातायात व्यरस्था में फेरबदल किया जा सकता है, इसीलिए वे वाहन चालकों को सलाह दे रहे हैं कि वे अपने आने-जाने का समय पहले से तय कर लें। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम से बचने के लिए जितना हो सके, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

सज्जनार ने कहा कि काम शुरू होने के 2 से 3 दिन बाद हालात का जायजा लेकर यातायात व्यवस्था में जरूरी बदलाव किए जाएँगे और समयानुसार ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों और आम जनता से शहर के विकास के उद्देश्य से चल रहे इन कार्यों के दौरान अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर संयुक्त यातायात पुलिस आयुक्त डी. जोयल डेविस, संयुक्त पुलिस आयुक्त (स्पेशल ब्रांच) एस.एम. विजय कुमार, यातायात पुलिस उपायुक्त काजल, जुबली हिल्स पुलिस उपायुक्त रमणा रेड्डी, मेघा इंजीनियरिंग कंपनी के प्रतिनिधि रामबाबू और सुधाकर उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button