श्रीराम नवमी शोभायात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में
हैदराबाद, रामनवमी के पावन पर्व को लेकर नगर में उत्साह चरम पर है। 27 मार्च को निकाली जाने वाली भव्य श्रीराम नवमी शोभायात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। शोभायात्रा में शामिल होने वाली भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की भव्य प्रतिमाओं को अंतिम रंग-रोगन दिया जा रहा है, जिससे पूरे आयोजन में दिव्यता और आकर्षण का विशेष वातावरण बना रहे।
श्रीराम युवा सेना के अध्यक्ष व गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने आज आकाशपुरी हनुमान मंदिर पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और मूर्तिकारों द्वारा तैयार की जा रही प्रतिमाओं का बारीकी से जायजा लिया। अवसर पर टी. राजा सिंह ने कहा कि श्रीराम नवमी का पर्व हमारे लिए केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और हमारी आस्था का प्रतीक है। हर वर्ष की तरह इस बार भी शोभायात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया है।

हजारों की संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होंगे और भगवान श्रीराम के जयघोष से पूरा वातावरण भगवा कर देंगे। उन्होंने आगे कहा कि यह शोभायात्रा अनुशासन, श्रद्धा और भक्ति का संदेश देगी। सभी श्रद्धालु शांतिपूर्वक और भाईचारे के साथ इसमें भाग लेकर रामभक्ति का परिचय देंगे। प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि किसी भी तरह की समस्या न हो।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज
शोभायात्रा 27 मार्च को सुबह 11 बजे आकाशपुरी हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी। इसके बाद यह यात्रा धूलपेट, पुरानापुल, जुमेरात बाजार, बेगमबाजार, सिद्दीअंबर बाजार, गौलीगुड़ा और कोटी से होते हुए सुल्तान बाजार स्थित हनुमान व्यायाम शाला पहुंच कर विशाल धर्मसभा में परिवर्तित हो जाएगी, जहां संत-महात्माओं के प्रवचन, भजन-कीर्तन और सामाजिक जागरूकता के संदेश दिए जाएंगे।
इस बार शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, पारंपरिक वाद्य यंत्र, भगवा ध्वज और सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान और चिकित्सा सुविधाओं की भी व्यवस्था की जा रही है। नगर में शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। बताया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





