हैदराबाद में श्रीराम नवमी शोभायात्रा की तैयारियाँ जोरों पर
हैदराबाद, श्रीराम युवा सेना के तत्वावधान में आगामी 27 मार्च को आयोजित होने वाली भव्य श्रीराम नवमी शोभायात्रा की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसी क्रम में आज आकाश पुरी हनुमान मंदिर के प्रांगण में कार्यकर्ताओं की सभा का आयोजन किया गया, जिसमें 300 से अधिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विधायक टी. राजा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीराम नवमी शोभायात्रा पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ निकाली जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान शोभायात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजाम, यातायात नियंत्रण, अनुशासन और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी स्वयंसेवकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं और उन्हें पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद की सड़कों पर उतारी जाएँगी 2800 इलेक्ट्रिक बसें : पोन्नम प्रभाकर
गौरतलब है कि शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी शोभायात्रा को और अधिक भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां चल रही हैं। पिछले आयोजनों में जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, वहीं विभिन्न मार्गों पर स्वागत द्वार, झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





