अत्तापुर में श्री श्याम निशान यात्रा की तैयारियाँ जारी
हैदराबाद, श्री श्याम मित्र मंडल सूरजगढ़ निशान, अत्तापुर की 14वीं निशान यात्रा शुक्रवार, 27 फरवरी को अत्तापुर से भव्यता से निकाली जाएगी। निशान यात्रा की तैयारियाँ जारी हैं। निशान यात्रा के संयोजक पवन नालपुरिया एवं संतोष अग्रवाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनसार, गुरुवार, 26 फरवरी को रामबाग राम मंदिर प्रांगण में शाम 4.15 बजे प्राचीन सूरजगढ़ श्याम निशान की स्थापना की जाएगी। अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री श्याम मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारी इंद्रकरण अग्रवाल, सह-मंत्री रामदेव अग्रवाल तथा मुख्य पुजारी रामचरण महाराज उपस्थित होंगे।
शुक्रवार, 27 फरवरी को सुबह 5 बजे पंडित सुरेश शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन के पश्चात निशान यात्रा की शुरुआत की जाएगी। यात्रा का मुख्य आकर्षण सूरजगढ़ का प्राचीन श्री श्याम निशान, चमत्कारी मोरछड़ी, महिलाओं के सिर पर सजी मनोकामना सिगड़ी एवं श्री श्याम भक्तों के हाथों में रंग-बिरंगे श्री श्याम निशान होंगे। बाबा श्याम को रथ में सजा भव्य एवं आकर्षक दरबार, डीजे द्वारा बाबा श्याम का गुणगान सहित मुख्य आकर्षण होंगे।
यह भी पढ़ें… गंगानगर हनुमानगढ़ आंचलिक परिषद का होली स्नेह मिलन समारोह
निशान यात्रा अत्तापुर रामबाग राम मंदिर से शुरू होकर किशनबाग, बहादुरपुरा, पुराना पुल, जुमेरात बाजार, मुस्लिमजंग पुल, अफजलगंज, इमलीबन बस स्टैंड, रामघाट, चादरघाट, निंबोली अड्डा से होते हुए काचीगुड़ा खाटू श्याम मंदिर पहुँचेगी। यात्रा संयोजक संतोष अग्रवाल ने बताया कि मंदिर में निशान अर्पित करने के पश्चात मंदिर परिसर में भोजन की व्यवस्था की जाएगी। यात्रा संयोजक नालपुरिया व मंडल अध्यक्ष सुरेश कुमार मोदी ने सभी से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



