धार्मिक जातरा में हुई हिंसक घटना पर रामचंदर राव ने जताई चिंता
नागरकर्नूल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने नागरकर्नूल जिले के कुमेरा गाँव में मल्लान्ना स्वामी जातरा के दौरान रजक परिवार पर हुए कथित अमानवीय हमले में दो माह के शिशु की मृत्यु को अत्यंत दुःखद व हृदयविदारक बताया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना देते हुए घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राव ने कहा कि श्रद्धा व शांति के साथ संपन्न होने वाली धार्मिक जातरा में इस प्रकार की हिंसक घटना निंदनीय है। उन्होंने हमले में परिवार के सदस्य गणेश के गंभीर रूप से घायल होने और मासूम शिशु की मौत को समाज के लिए शर्मनाक बताते हुए आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया और दोषियों पर कार्रवाई के बजाय पीड़ितों पर ही मामले दर्ज किए गए, जो न्याय संगत नहीं है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि यदि पीड़ितों को ही आरोपी बनाया जाएगा, तो न्याय कैसे मिलेगा।
रामचंदर राव ने कहा कि पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने ठीक तरह से अपना काम नहीं किया, जिस कारण स्थिति इतनी ज्यादा बिगड़ गई। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जाँच कर वास्तविक दोषियों की गिरफ्तारी की माँग की।
मंदिर सबके लिए, भेदभाव की जगह नहीं
रामचंदर राव ने कहा कि हिंदू धर्म में सभी जातियाँ समान हैं और मंदिर सभी के लिए खुले होते हैं। यदि किसी भी धार्मिक स्थल पर जातीय भेदभाव होता है, तो यह धर्म की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति विशेष का कृत्य पूरे समाज का प्रतिनिधित्व नहीं करता और ऐसी घटनाओं को सख्ती से रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और किसी भी प्रकार का भेदभाव अस्वीकार्य है। भाजपा का सिद्धांत भी यही है कि कानून के सामने सभी समान हैं।
यह भी पढ़ें… खुद को पार्टी से ऊपर न समझें : बंडी संजय
प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने, सुरक्षा प्रदान करने और मामले की निष्पक्ष जाँच सुनिश्चित करने की माँग की। उन्होंने कहा कि दोषी अभी फरार बताए जा रहे हैं, उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर दंड दिया जाए। राव ने यह भी कहा कि भाजपा इस मुद्दे को विधानसभा के भीतर व बाहर उठाएगी तथा पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।


