बच्ची से दुष्कर्म व हत्या मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो : अन्नपूर्णा देवी

नयी दिल्ली, झारखंड के हजारीबाग जिले में 12 वर्षीय बच्ची से कथित बलात्कार और फिर उसकी हत्या को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने हृदयविदारक बताया और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को तत्काल गिरफ्तार करके उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की।
देवी ने कहा कि उन्होंने पीड़िता के परिवार से मुलाकात की, संवेदना व्यक्त की और उन्हें आश्वासन दिया कि न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। रविवार को पीड़िता के परिवार से मुलाकात के बाद देवी ने एक पोस्ट में कहा कि 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ क्रूरता और हत्या अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और मानवता के लिए कलंक है। मंत्री ने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करके उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाएं ना हों।
तीन सदस्यीय टीम करेगी त्वरित जांच
देवी ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सबसे दुखद बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद न तो मुख्यमंत्री और न ही सरकार के किसी मंत्री ने पीड़िता के परिवार पर ध्यान दिया है। झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने रविवार को कहा कि हजारीबाग के बिष्णुगढ़ में 12 वर्षीय लड़की के साथ कथित बलात्कार और हत्या मामले की त्वरित जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) परिवीक्षा अधिकारी शुभम भाऊसाहेब कर रहे हैं।
यह भी पढ़े: एक साल में रोके गए दो लाख बाल विवाह : मंत्री अन्नपूर्णा देवी
डीजीपी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसआईटी का गठन किया गया है और उसे एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट मुझे सौंपने का निर्देश दिया गया है। एसआईटी अपनी जांच के दौरान सभी पहलुओं पर गौर करेगी। हम रांची की फॉरेंसिक विज्ञान लेबोरेटरी (एफएसएल) की रिपोर्ट और मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। एसआईटी के लिए एक सप्ताह के भीतर डीजीपी को प्रगति रिपोर्ट और अब तक की गई कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



