पुराने शहर में छिटपुट हिंसक घटनाओं से लोग परेशान
हैदराबाद, पुराने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के भीतर तीन हिंसक घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई। घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठा रहे हैं। बताया गया कि सोमवार रात करीब 9 बजे शाहअलीबंडा थाना क्षेत्र के आलियाबाद और अमजद दौला बाग इलाके में बाइक और स्कूटर सवार उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथों में लाठियाँ लेकर घूम रहे बदमाशों ने कई वाहनों को निशाना बनाया।
क्रेसेंट हाई स्कूल और आसपास खड़े ऑटो, कार और दोपहिया वाहनों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उसी तरह इसी क्षेत्र के पास वट्टेपल्ली रोड पर एक व्यक्ति पर सरेआम चाकू से हमला कर दिया गया। घायल व्यक्ति अशरफ खून से लथपथ हालत में करीब 2 किलोमीटर पैदल चलकर ओवैसी हिल्स स्थित अपनी बहन के घर पहुँचा, जहाँ वह गिर पड़ा। परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के बावजूद समय पर मदद नहीं करने का आरोप लगाया। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए उसे उस्मानिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया गया है कि यह हमला पारिवारिक विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ, जिसमें आरोपी बाबा नामक रिश्तेदार शामिल है।
यह भी पढ़ें… जलाल बाबानगर में चोरों ने लाखों की नकदी व आभूषण चुराए
उधर चादरघाट में पुलिस स्टेशन से महज 100 मीटर दूर एक मोबाइल एक्सेसरी दुकान में बदमाश ने दरांती दिखाकर दुकान में तोड़फोड़ की। आरोपी ने मुफ्त में सामान न देने पर दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी। बताया गया है कि कुछ हफ्ते पहले भी इसी दुकान पर हमला हुआ था। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



