रेवंत रेड्डी ने किया भद्राचलम मंदिर के विकास कार्यों का शिलान्यास
हैदराबाद, दक्षिण भारत के अयोध्या के रूप में प्रसिद्ध भद्राचलम में शुक्रवार को श्रीरामनवमी पर्व पर श्री सीता रामचंद्र स्वामी कल्याण महोत्सव लाखों भक्तों के समक्ष भक्ती व श्रद्धा के साथ भव्य रूप से मनाया गया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी दंपत्ति ने भगवान श्रीराम और मॉ सीतम्मा को सरकार की ओर से रेश्मी वस्त्र व मोती समर्पित किया। भद्राचलम के मिथिला स्टेडियम में श्री सीता रामचंद्र स्वामी का तिरुकल्याण महोत्सव भक्तों के बीच बड़े धूमधाम से संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रों के बीच हुए श्री सीता रामचंद्र स्वामी कल्याण महोत्सव ने आध्यात्मिक माहौल बना दिया।



मंदिर के पुजारियों ने पारंपरिक तरीके से कल्याण महोत्सव का आयोजन किया। इस मौके पर भद्राचलम मंदिर को बहुत खूबसूरती से सजाया गया। दोनों तेलुगु राज्यों से लाखों भक्त श्री सीतारामचंद्रस्वामी के दर्शन करने के लिए आए। भक्तों की भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने बड़े इंतजाम किए थे। पीने का पानी, आहार, स्वास्थ्य शिविर और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे, ताकि भक्तों को बिना किसी दिक्कत के भगवान के दर्शन हो सकें।
इससे पूर्व आज सुबह हैदराबाद से भद्राचलम पहुँचे मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने श्री सीतारामचंद्रस्वामी मंदिर में भगवान के दर्शन किए। बाद में उन्होंने 351 करोड़ की लागत से होने वाले मंदिर के विकास से संबंधित पहले चरण के कार्यों का शिलान्यास किया। इन कामों में 75 करोड़ से गोदावरी घाट का विकास, 180 करोड़ से मंदिर का विस्तार और मूलभूत सुविधाओं और 96 करोड़ से मंदिर के आस-पास का विकास कार्य शामिल है।
यह भी पढ़ें… पेट्रो उत्पादों की आपूर्ति पर समिति : रेवंत रेड्डी
इस कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का, मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, तुम्मला नागेश्वर राव, कोंडा सुरेखा, श्रीहरि, सांसद बलराम नायक, धर्मस्व प्रधान सचिव शैलजा अय्यर, आयुक्त हनुमंत राव, जिलाधीश अंकित, पुलिस अधीक्षक रोहित राज सहित कई अधिकारियों ने भी भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



