नशे के खिलाफ दौड़ : हैदराबाद में मुख कैंसर जागरूकता मैराथन
हैदराबाद, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने बताया कि गुटखा, पान मसाला, खैनी, तंबाकू और शराब जैसे नशीले पदार्थों का सेवन विशेषकर युवाओं को गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों की ओर ले जा रहा है। उनके भविष्य को खतरे में डाल रहा है। आज काचीगुड़ा में आयोजित विशेष कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने आगामी 26 अप्रैल को आयोजित किये जाने वाले मुख कैंसर जागरूकता मैराथन के वॉल पोस्टर का अनावरण किया।
जी. किशन रेड्डी ने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं और उन्हें हर प्रकार के नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। युवाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में मैराथन जैसे जन-जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी सिद्ध होते हैं। यह मैराथन हैदराबाद स्माइल्स के तत्वावधान में डॉ. के. दिलीप कुमार के नेतृत्व में आयोजित की जाएगी।
यह भी पढ़े : नवाचार को बढ़ावा देने हेतु यूओएच तथा आईआईएल के बीच एमओयू
यह 10 किलोमीटर की मैराथन हाईटेक सिटी स्थित टी वर्क्स के निकट आयोजित होगी, जिसमें शहर के डेंटल और इंजीनियरिंग कॉलेजों के लगभग 10 हजार छात्र भाग लेंगे। कार्यक्रम में तेलंगाना बीसी आयोग के अध्यक्ष डॉ. वाकुलभरणाम कृष्ण मोहन राव, डॉ. चंद्रकांत, डॉ. संतोष, डॉ. शरास, डॉ. नागा दीपिका, नागा सौम्या व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



