उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का से रूसी प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट
हैदराबाद, उप-मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि भारत और रूस के बीच मित्रता दशकों से चली आ रही है। तेलंगाना सरकार राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने में रूसी टीम की रुचि का स्वागत करती है। भट्टी विक्रमार्का ने आज प्रजा भवन में ग्लोबल ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल ऑफ इंडिया और वीटीबी रशियन बैंक के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। उप-मुख्यमंत्री ने रूसी प्रतिनिधिमंडल को बताया कि तेलंगाना राज्य कृषि, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश के अन्य राज्यों से आगे है। यह एक सीजन में 1.40 लाख मीट्रिक टन धान का उत्पादन कर देश में सबसे आगे है।
तेलंगाना फार्मा और आईटी क्षेत्रों के लिए एक केंद्र के रूप में उभरा है। खनन क्षेत्र में भी अग्रणी है और 100 से अधिक वर्षों के इतिहास वाला सार्वजनिक क्षेत्र का उद्यम सिंगरेनी 45,000 कर्मचारियों के साथ सक्रिय है। भट्टी ने बताया कि सिंगरेनी अपने विस्तार के तहत महत्वपूर्ण खनिज खनन की ओर बढ़ रहा है। हैदराबाद रक्षा क्षेत्र में भी देश में अग्रणी है। तेलंगाना निवेश के लिए स्वर्ग जैसा है, जहाँ अच्छी जलवायु, उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक भूमि, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बड़ी संख्या में इंजीनियरिंग कॉलेज और कुशल एवं कम लागत वाला मानव संसाधन उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें… अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में पहुंचाए जाएंगे तेलंगाना महिला समूहों के उत्पाद
हैदराबाद सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों का केंद्र और रणनीतिक रूप से सुरक्षित
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हैदराबाद 1940 से सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों का केंद्र रहा है और रणनीतिक रूप से सुरक्षित है। उन्होंने एक मजबूत सहकारी बैंकिंग प्रणाली में प्रौद्योगिकी और निवेश का स्वागत करते हुए बताया कि अपने विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकर चर्चा करनी चाहिए और बेहतर करार करने के लिए आगे बढ़ना चाहिए। इसके लिए राज्य सरकार पूरा सहयोग देगी।
उपमुख्यमंत्री ने रूसी दल को 2047 के विज़न डॉक्यूमेंट, तीन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य, क्षेत्रीय रिंग रोड के निर्माण और मूसी के पुनरोद्धार जैसी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रूसी दल को शुभकामनाएँ देने के लिए कहा। अवसर पर मंत्री पोन्नम प्रभाकर, विशेष मुख्य सचिव संजय कुमार, वित्त विभाग के प्रधान सचिव संदीप कुमार सुल्तानिया, ट्रांसको के सीएमडी कृष्णा भास्कर, वोल्गा भाषा, रश्मि सलूजा, संजय कौशिक, मोनिका भनोट व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





