फेक डेटिंग ऐप्स के जरिए हनीट्रैप से सज्जनार ने युवाओं को किया सतर्क
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे फर्जी डेटिंग और वीडियो कॉलिंग ऐप्स को लेकर विशेषकर युवाओं से सतर्क रहने की अपील की है।
सज्जनार ने इस संबंध में एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि अकेले हैं? सुंदर लड़कियों और महिलाओं से बात करें जैसे लुभावने विज्ञापनों के पीछे साइबर अपराधियों का जाल छिपा हुआ है। ये अपराधी युवाओं के अकेलेपन का फायदा उठाकर उन्हें हनीट्रैप में फंसा रहे हैं। इन विज्ञापनों में दिखाई देने वाली महिलाएं असली नहीं होतीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से तैयार किए गए वीडियो होते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति दिए गए लिंक के जरिए ऐप डाउनलोड करता है, उसके मोबाइल का डाटा, कॉन्टैक्ट्स और गैलरी अपराधियों के हाथ लग जाता है।
इसके बाद वीडियो कॉल के दौरान अश्लील वीडियो दिखाकर पीड़ित का चेहरा रिकॉर्ड किया जाता है और फिर उसे मॉर्फिंग कर परिजनों व परिचितों को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाता है। इस प्रकार के सेक्सटॉर्शन मामलों में कई लोग अपनी इज्जत बचाने के डर से ठगों को पैसे देने पर मजबूर हो जाते हैं। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर ऐसे भ्रामक विज्ञापन देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद की सड़कों पर उतारी जाएँगी 2800 इलेक्ट्रिक बसें : पोन्नम प्रभाकर
आयुक्त ने किसी भी अनजान लिंक या ऐप को डाउनलोड न करने और ऑनलाइन किसी भी अजनबी पर भरोसा नहीं करने की बात कही। इसके अलावा साइबर ठगी का शिकार होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर साइबर ठगी से संबंधित शिकायत करने की अपील की गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





