संस्कृति के ‘राब्ता-कनेक्शन ऑफ हार्ट्स’ में मनाया गया रिश्तों का उत्सव
हैदराबाद, संस्कृति द्वारा जुबली हिल्स में रोड नं. 36 स्थित एयर लाइव में राब्ता – कनेक्शन ऑफ हार्ट्स का आयोजन किया गया। ग्लैमर तथा स्टाइल के बीच आयोजित कार्यक्रम में संस्था की सदस्याओं ने साथियों के साथ रैम्प वॉक करते हुए अपने रिश्तों के जुड़ाव को दर्शाया।

स्कृति की अध्यक्ष रमा पटवा ने स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि आज का कार्यक्रम रिश्तों की उस डोर और जुड़ाव की भावना को समर्पित है, जो हमें अलग-अलग दिशा और दशा से उठाकर एक परिवार बना देती है। उन्होंने कहा कि जुड़ाव सिर्फ दोस्ती का नाम नहीं है, यह वह भावना है, जहाँ हम एक-दूसरे को समझते हैं, अपनाते हैं और साथ खड़े रहते हैं। रिश्ते केवल खून से ही नहीं बनते हैं, वे विश्वास और परस्पर समय देने के साथ-साथ उस अपनेपन से बनते हैं, जहां मैं का स्थान हम ले लेता है। रमा पटवा ने कहा कि राब्ता दिलों को जोड़ने वाली वही अनदेखी डोर है, जो हमें याद दिलाती है कि हम अकेले नहीं हैं। हम एक-दूसरे की ताकत और सहारा हैं। सबसे बड़ी बात कि हम एक परिवार हैं।
यह भी पढ़ें… चिलकुर श्री बालाजी मंदिर के पूर्व मुख्य पुजारी सौंदर राजन का निधन
अमेरिका जाने से पूर्व उन्हें संस्था ने भावुक विदाई दी
कार्यक्रम के दौरान संस्कृति की संस्थापक सदस्य कोकिला कडाकिया का सम्मान किया गया। कोऑर्डिनेटर निशा शाह ने संस्था के विकास में कोकिला कडाकिया के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे शीघ्र ही अमेरिका में निवास हेतु प्रस्थान करने वाली हैं, जिसके चलते उनको सम्मानपूर्वक विदाई दी जा रही है। कोकिला कडाकिया ने अवसर पर संस्कृति की स्थापना से जुड़ी अपनी स्मृतियों को संक्षेप में भावुकता के साथ साझा किया। उन्होंने कहा कि हर्ष का विषय है कि अब संस्कृति की बागडोर अच्छे हाथों में है। यह संस्था परंपरा तथा संस्कृति को सहेजने के साथ-साथ समाज के सशक्तिकरण में अपना योगदान सतत रूप से देती रहेगी।
अवसर पर संस्कृति की सदस्याओं ने जोड़ियों में उत्साहपूर्वक रैम्प वॉक करते हुए अपने रिश्तों के जुड़ाव को सेलिब्रेट किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्कृति की तत्काल पूर्व अध्यक्ष जेनी मोमाया, उपाध्यक्ष अकिता मल्होत्रा, सचिव राखी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनीता सेठिया, को-ऑप्टेड सदस्य सोनल दोशी, परामर्शदाता नम्रता बोलाकी, वंदना शेते व अन्य सदस्यों ने योगदान प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी भूरारिया ने किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



