‘सरके चुनर’ विवाद: गायक ने मांगी माफी, समन जारी

Ad

नयी दिल्ली, ‘सरके चुनर’ गीत के कथित अश्लील बोलों को लेकर मचे बवाल के बाद इसकी गायिका मंगली ने माफी मांगते हुए कहा है कि किसी का भी इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर कल रात तेलुगु लोक गायिका ने लिखा कि गाने के बोल बदले जाएंगे और जल्द ही दूसरा संस्करण जारी किया जाएगा।

‘‘ जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए, गाने को सभी मंचों से हटा दिया गया है। अनजाने में हुई इस गलती के लिए मैं आप सभी से दिल से माफी मांगती हूं। हमारा मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और हमें इस चूक का बेहद अफसोस है।’’

इस गाने का हिंदी संस्करण सप्ताह की शुरुआत में जारी किया गया था। इसके कथित अश्लील बोलों के कारण विवाद हो गया था। यह मामला संसद में भी उठाया गया जहां सरकार ने बताया कि गाने पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस गाने के डांस वीडियो में संजय दत्त के साथ नजर आने वाली अभिनेत्री नोरा फतेही और गीतकार रकीब आलम ने विवाद से खुद को अलग कर लिया है।

फतेही ने कहा कि उन्होंने कन्नड़ संस्करण तीन साल पहले रिकॉर्ड किया था और जब उन्होंने हिंदी संस्करण सुना, तो उन्होंने पहले ही निर्माताओं को इस मुद्दे से अवगत करा दिया था। आलम ने बताया कि उन्होंने भी फिल्म निर्माताओं को आगाह किया था कि हिंदी गीत अश्लील हैं। आलम ने कहा कि उन्हें कन्नड़ संस्करण का शाब्दिक अनुवाद करने के लिए कहा गया था और उन्होंने वही किया। कन्नड़ गीत फिल्म के निर्देशक प्रेम ने लिखे थे।

सरके चुनर’ गाने पर नोरा फतेही और संजय दत्त समेत पांच लोगों को भेजा समन

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए, ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने में अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों से संबंधित मीडिया रिपोर्टों पर स्वतः संज्ञान लिया है।

आयोग ने इस मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही, रकीब आलम, अभिनेता संजय दत्त, वेंकट के. नारायण (निर्माता, केवीएन समूह) और किरण कुमार (निर्देशक) को आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए समन जारी किया है।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान

राष्ट्रीय महिला आयोग की तरफ से इस मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी साझा की।आयोग का कहना है कि पहली बार देखने पर ये गाना यौन उत्तेजक, आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पीओसीएसओ अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन प्रतीत होता है, इसलिए आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।

आयोग ने नोरा फतेही, संजय दत्त, रकीब आलम, वेंकट के. नारायण और किरण कुमार को मंगलवार, 24 मार्च को दोपहर 12:30 बजे संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है। आयोग का कहना है कि उपस्थित न होने पर कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई की जा सकती है।

NHRC ने भेजा नोटिस

नोरा फतेही के इस गाने को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBC), इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा गूगल इंडिया को नोटिस जारी किया है।

सरके चुनर गाने पर विवाद

सरके चुनर गाना आगामी फिल्म ‘केडीः द डेविल’ का है। इस गाने की वजह से संजय दत्त और नोरा फतेही को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। सरके चुनर गाने पर विवाद बढ़ने की वजह से निर्माताओं ने इसे यूट्यूब से हटा दिया है। यह गाना मंगली ने गाया है। इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और संगीत अर्जुन जन्या ने तैयार किया है। (भाषा )

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button