दमरे जीएम ने किया रेल पार्सल अप्लिकेशन का शुभारंभ
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने अगली पीढ़ी के ‘रेल पार्सल अप्लिकेशन’ का शुभारंभ किया। यह ऐप रेल के माध्यम से पार्सल भेजने वाले ग्राहकों को घर से घर तक पार्सल बुकिंग और डिलीवरी की सहज सेवा प्रदान करने में सहयोगी सिद्ध होगा।
सिकंदराबाद स्थित रेल निलयम में रेल पार्सल लॉजिस्टिक्स पर आयोजित कॉन्क्लेव के दौरान दमरे महाप्रबंधक ने रेल पार्सल ऐप का उद्घाटन किया। दमरे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पार्सल व्यवसाय भारतीय रेल जितना ही पुराना है। अब यह डिजिटल परिवर्तन के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। यह गर्व का विषय है कि दमरे इस क्रांतिकारी रेल पार्सल ऐप को लागू करने वाला पहला ज़ोन है। उन्होंने कहा कि रेल पार्सल ऐप पार्सल कार्यालय को ग्राहकों की जेब तक ले आता है, जिससे फॉर्म भरने या लंबी कतारों में खखड़े होने की आवश्यकता समाप्त हो जाती है।

आधुनिक युग में पार्सल बुकिंग टैक्सी बुक करने जितनी आसान होनी चाहिए। रेल पार्सल ऐप इसे संभव बनाता है। उन्होंने कहा कि यह तेज़, अधिक विश्वसनीय पार्सल परिवहन, बढ़ी हुई पारदर्शिता और बेहतर ग्राहक सुविधा प्रदान करता है। रेल पार्सल ऐप में घर से पिकअप, घर तक डिलीवरी की एकीकृत बुकिंग, पिकअप, रेल परिवहन और डिलीवरी के प्रत्येक चरण में सतत ट्रैकिंग, पार्सल प्रबंधन के प्रत्येक चरण पर ग्राहक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर त्वरित अपडेट, शुल्क, सेवा विकल्प और रेटिंग का प्रदर्शन, जिससे सूचित निर्णय लेने में सुविधा, ऑनलाइन बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, यूपीआई तथा अन्य डिजिटल माध्यमों से सुरक्षित भुगतान जैसी महत्वपूर्ण विशेषताएँ मौजूद हैं।
रेल आधारित लॉजिस्टिक्स मजबूत करने के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार होगा
पायलट चरण में इस ऐप को हैदराबाद सहित विजयवाड़ा, गुंटूर, राजमंड्री, विशाखापडूनम, बेंगलुरू और चेन्नई में लांच किया जा रहा है। दक्षिण मध्य रेलवे ने भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), बेंगलुरू के साथ माल ढुलाई लॉजिस्टिक्स बाज़ार पर अध्ययन करने हेतु करार पर हस्ताक्षर किए। अवसर पर एससीएमसी के अध्यक्ष प्रो. राजीव त्रिपाठी उपस्थित थे। इस साझेदारी के अंतर्गत आईआईएम बेंगलुरू, अपने सप्लाई चेन मैनेजमेंट उत्कृष्टता केंद्र के माध्यम से संरचित माँग पूर्वानुमान, विस्तृत मॉडल प्रतिस्पर्धात्मकता विश्लेषण, व्यापक उद्योग परामर्श, फील्ड सर्वे तथा अवसंरचना अंतराल आकलन का नेतृत्व करेगा।

करार पर महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इसके तहत आईआईएम बेंगलुरू माल दुलाई वृद्धि की संभावनाओं को साकार करने और रेल आधारित लॉजिस्टिक्स को सुदृढ़ करने के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि यह 2030 तक 3000 मिलियन टन माल लदान के मिशन को प्राप्त करने की आकांक्षा की दिशा में सार्थक योगदान देगा। अवसर पर दमरे की प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक इति पांडेय, दमरे अपर महाप्रबंधक सत्य प्रकाश, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक के. पद्मजा एवं प्रधान वित्तीय सलाहकार हेमा सुनीता ने विचार रखे। कार्यक्रम में हैदराबाद मंडल रेल प्रबंधक संतोष कुमार वर्मा, सिकंदराबाद मंडल रेल प्रबंधक डॉ. आर. गोपालकृष्णन, अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



