महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘शी नेत्रा टीम्स’
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए शी नेत्रा टीम्स को अमल में लाने की घोषणा की।
बशीरबाग स्थित पुराने पुलिस आयुक्तालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त सज्जनार ने शी नेत्रा टीम्स की घोषणा करते हुए कहा कि शहर में महिलाओं की सेल्फ रेस्पेक्ट और व्यक्तिगत स्वेच्छा का उल्लंघन करने वाले छुपे हुए कैमरों का पता लगाने के लिए इस टीम का गठन किया है। होटल, मॉल, हॉस्टल, शैक्षणिक संस्थानों के अलावा व्यापारिक और वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्सों को सर्विलेंस कैमरों के खतरे से बचाने के लिए शी नेत्रा टीम अपना कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि शहर के सभी 7 जोन के लिए एक-एक शी नेत्रा टीम विशेष रूप से तैनात की जा रही है।
इन टीमों को स्टेट ऑफ द आर्ट कैमरा डिटेक्टर के इस्तेमाल और जाँच-पड़ताल के दौरान अमल में लाए जाने वाले दिशा-निर्देशों के संबंध में पूर्ण प्रशिक्षण दिया गया है। सज्जनार ने टीम के सदस्यों को कैमरा डिटेक्टर भेंट किया। उन्होंने कहा कि शॉपिंग मॉल, अस्पताल, होटल, हॉस्टल के ट्रायल रूम में चोरी-छुपे कैमरे लगाकर महिलाओं की प्राइवेसी का उल्लंघन करने की घटनाओं पर यह टीम अपनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि 7 टीमें अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए पूरे शहर में औचक जाँच-पड़ताल भी करेगी।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : सेलफोन ड्राइविंग के खिलाफ विशेष अभियान
ट्रायल रूम व शौचालय में हिडन कैमरा न होने की जिम्मेदारी
सज्जनार ने कहा कि यह पूरी तरह से संबंधित मैनेजमेंट की जिम्मेदारी है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके जगह पर विशेषकर ट्रायल रूम, शौचालय आदि में कोई हिडन कैमरा न लगाया गया हो। उन्होंने चेताया कि नियमों का उल्लंघन होता है, तो किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा। संबंधित प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आपराधिक मामले दर्ज किए जाएँगे।
चाहे वह लापरवाही हो या उनके स्थान से छुपे हुए कैमरे क्यों न मिले हो। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित संस्थानों और जिम्मेदार कर्मचारियों को ब्लैक लिस्ट करने के लिए भी कदम उठाए जाएँगे। उन्होंने प्रबंधन को निर्देश दिए कि वे अपने कार्य स्थल पर ग्राहक सुरक्षा प्रभारी को नियुक्त करें, जो शी टीम्स के लिए नोडल एजेंसी के तौर पर काम करेंगे। इन प्रभारियों को पुलिस के संरक्षण में प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए और प्रबंधन को चाहिए कि वे इन्हें कैमरा डिटेक्टर सौंपे। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि यदि वे कहीं पर भी छुपा हुआ कैमरा या कोई अन्य संदिग्ध वस्तु देखते हैं, तो तुरन्त शी टीम्स के सेलफोन नं. 9490616555 पर सूचना दे। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) श्रीनिवासुलू, पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) डॉ. लावण्या एनजेपी, सहायक पुलिस आयुक्त प्रसन्ना व अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



