अजमेर में शिया मुस्लिमों ने काली पट्टी बाँधकर अदा की ईद की नमाज़
अजमेर, अजमेर में ईद-उल-फितर का पर्व इस बार शिया मुस्लिम समुदाय ने सादगी और गमगीन माहौल में मनाया। जहां आमतौर पर ईद खुशियों, नए कपड़ों और जश्न का प्रतीक होती है, वहीं इस बार समुदाय के लोगों ने काली पट्टी बांधकर नमाज़ अदा की और पारंपरिक उत्सवों से दूरी बनाए रखी। न तो नए कपड़े पहने गए और न ही घरों में किसी प्रकार का जश्न मनाया गया। पूरे आयोजन के दौरान शोक और संवेदना का माहौल साफ तौर पर देखने को मिला।
बताया गया कि यह फैसला अयातुल्लाह सैय्यद अली खामेनाई के निधन पर शोक व्यक्त करने के रूप में लिया गया। समुदाय के लोगों ने इसे श्रद्धांजलि स्वरूप अपनाया और ईद को सादगी के साथ मनाने का निर्णय किया। इस दौरान लोगों में गहरा आक्रोश भी देखने को मिला और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर नाराजगी भी जाहिर की गई। इजराइल और अमेरिका के खिलाफ विरोध के स्वर भी मुखर रहे।
शांति और भाईचारे के संदेश के साथ अदा हुई नमाज़
नमाज़ के दौरान समुदाय के लोगों ने शांति, भाईचारे और विश्व में चल रहे संघर्षों के अंत के लिए प्रार्थना की। उनका कहना था कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इस बार ईद को सादगी से मनाना ही उचित लगा, ताकि शहीदों के प्रति संवेदना व्यक्त की जा सके। ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह के दीवान के बेटे नसरुद्दीन चिश्ती ने भी ईद के मौके पर शहरवासियों को शांति और भाईचारे का संदेश दिया।
यह भी पढ़े : सहारनपुर हादसा : ईद की तैयारी में निकले भाइयों की मौत
नसरुद्दीन ने अजमेर की सरकारी ईदगाह में नमाज़ अदा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में वैश्विक हालात पर चिंता जताई। नसरुद्दीन चिश्ती ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया का बड़ा हिस्सा युद्ध और तनाव के दौर से गुजर रहा है। कई देश आपसी संघर्ष में उलझे हुए हैं, जिससे वैश्विक शांति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में यह राहत की बात है कि भारत एक सुरक्षित और शांतिपूर्ण देश बना हुआ है, जहां विभिन्न धर्मों के लोग अपने-अपने त्यौहार सौहार्द और भाईचारे के साथ मना रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





