शिव प्रताप शुक्ल होंगे तेलंगाना के नये राज्यपाल, जिष्णुदेव वर्मा को महाराष्ट्र भेजा गया
हैदराबाद/नई दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार रात को कई राज्यों के राज्यपालों की नियुक्तियाँ की, जिसके तहत हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं तेलंगाना के वर्तमान राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल और लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया।
रवि ने सी वी आनंद बोस का स्थान लिया है, जिन्होंने दिन में इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति मुर्मू ने बोस का पश्चिम बंगाल के राज्यपाल पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। विज्ञप्ति के मुताबिक, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें… सत्तापक्ष फेल, विपक्ष पास : हरीश राव
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। सक्सेना ने कविंदर गुप्ता की जगह ली है, जिन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता नंद किशोर यादव को नगालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



