सिद्दिपेट : मेडिकल छात्रा ने लगा ली फाँसी
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र सिद्दिपेट में मेडिकल छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में सीलिंग फैन से चुनरी के सहारे फाँसी लगा ली। सिद्दिपेट थ्री टाउन पुलिस इंस्पेक्टर टी. लक्ष्मी बाबू ने बताया कि पेद्दापल्ली ज़िला, सुल्तानाबाद निवासी ई. श्रीजा (20) सुरभी मेडिकल कॉलेज, मिट्टापल्ली सिद्दिपेट में बीपीटी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। रविवार की सुबह वह अपने कमरे में संदेहास्पद स्थिति में फाँसी पर लटकती पाई गयी। उसके साथ कमरे में रहने वाली एक अन्य छात्रा उसे कल सुबह नाश्ता करने के लिए बुलाने के लिए गई। कमरे का दरवाजा बिना कुंडी लगाए बंद था।
भीतर जाने पर उसे श्रीजा फाँसी पर लटकती हुई दिखाई दी। उसने तुरन्त हॉस्टल प्रबंधन को इस घटना की जानकारी दी। हॉस्टल प्रबंधन की सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने श्रीजा के शव फाँसी पर से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पूर्व श्रीजा के माता-पिता का निधन हो गया था और उसका मामा उसका पालन पोषण कर रहा था।
यह भी पढ़ें… मारपीट में घायल युवक की मौत, हत्या का मामला दर्ज
जाँच के दौरान पता चला कि कुछ दिन पूर्व इंस्टाग्राम पर श्रीजा का पेद्दापल्ली निवासी श्रीधर नामक युवक से परिचय हुआ था और परिचय के बाद से श्रीधर श्रीजा को फोन कर उससे प्रेम करने की बातें कह रहा था। कल श्रीधर ने श्रीजा को फोन किया और श्रीजा के किसी और से बात करने की जानकारी मिलने पर श्रीधर ने बातचीत के दौरान बीच में ही फोन काट दिया। इस कारण श्रीजा का मामा श्रीजा की आत्महत्या की घटना को लेकर श्रीधर पर संदेह जता रहा है। मामा की शिकायत पर पुलिस संदेहास्पद स्थिति में मौत का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



