हैदराबाद, मल्काजगिरी आयुक्तालय की साइबर अपराध पुलिस ने पिछले सप्ताह छह साइबर अपराध की घटनाओं को सुलझाकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) एस.वी. नागलक्ष्मी ने बताया कि छह साइबर अपराध के मामलों को सुलझाने के अलावा अदालती आदेश के चलते पीड़ितों में 16.9 लाख रुपये लौटाए गए।
एस.वी. नागलक्ष्मी ने बताया कि सुलझाए गए मामलों में तीन इनवेस्टमेंट फ्रॉड, एक लोन फ्रॉड और दो पार्टटाइम जॉब फ्रॉड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 5.2 लाख रुपये के इनवेस्टमेंट फ्रॉड के संबंध में काकीनाड़ा निवासी गुम्मड़ी रामबाबू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी रामबाबू साइबर ठगों के लिए बैंक खातों का संचालन कर रहा था। इसी प्रकार 87.65 लाख रुपये के एक और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के मामले में साइबर अपराध पुलिस ने पंत नगर, मुंबई निवासी संतोष चंद्रकांत गायकवाड़ को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़े :हैदराबाद : लोन दिलाने की आड़ में ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश
इस मामले में साइबर ठगों ने फेसबुक पर एडवेंट-के806-मार्केट फ्रंट के नाम से विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन पूँजी निवेश की आड़ में ठगी को अंजाम दिया। आरोपी जया शक्ति मल्टी ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक के रूप में कार्य करते हुए पूँजी निवेश की आड़ में लोगों से पैसा वसूल रहा था। एक और 65.61 लाख रुपये के इनवेस्टमेंट फ्रॉड के मामले में साइबर अपराध पुलिस ने ठाणा मुंबई निवासी तीन आरोपियों मोमिन अरहम राइस अहमद, मो. कैस मुश्ताक शेख और मोमिन हीना अहमद को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि लोन ऐप के मामले में पुलिस ने पेद्दातांडा महबूबनगर निवासी कतरावत नितिन को गिरफ्तार किया।
