अमेरिका में बर्फ का प्रलय, 10,000 उड़ानें रद्द
अमेरिका, अमेरिका के उत्तर-पूर्वी राज्यों में सोमवार को आए विनाशकारी शीतकालीन तूफान (Winter Storm) ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बर्फबारी और 60 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली बर्फीली हवाओं ने न्यूयॉर्क, बोस्टन और न्यू जर्सी जैसे महानगरों को सफेद चादर से ढंक दिया।
इस ‘ब्लिजार्ड’ के कारण परिवहन सेवाएं ठप हो गई हैं और करीब 6 लाख घरों की बत्ती गुल है। प्रशासन ने इसे खतरनाक श्रेणी का तूफान घोषित करते हुए नेशनल गार्ड को तैनात किया है। कुदरत के इस कहर ने व्यापार, शिक्षा और यात्रा पर गहरा ब्रेक लगा दिया है।
10,000 उड़ानें रद्द
इस तूफान का सबसे घातक असर हवाई यातायात पर पड़ा है। ‘फ्लाइटअवेयर’ के आंकड़ों के अनुसार, 21 से 24 फरवरी के बीच 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द की गईं। न्यूयॉर्क के JFK और बोस्टन लोगन जैसे प्रमुख हवाई अड्डे वीरान नजर आए। अकेले सोमवार को 5,000 उड़ानें निरस्त हुईं, जिससे हजारों यात्री फंसे रह गए। रेल और बस सेवाओं के निलंबन ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जिससे उत्तर-पूर्वी कॉरिडोर का संपर्क देश के बाकी हिस्सों से लगभग कट गया है।
न्यूयॉर्क में ‘बर्फ का कब्जा’ और इमरजेंसी
न्यूयॉर्क सिटी में कुदरत का रौद्र रूप देखने को मिला, जहां सेंट्रल पार्क में 15 इंच और लॉन्ग आइलैंड में दो फीट तक बर्फ दर्ज की गई। मेयर जोहरान ममदानी ने लोगों को घरों में रहने की सख्त हिदायत दी है। सड़कों पर दृश्यता शून्य होने के कारण गैर-जरूरी यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। गवर्नर कैथी होचुल ने प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के लिए नेशनल गार्ड्स को सड़कों पर उतारा है, ताकि फंसे हुए लोगों और इमरजेंसी सेवाओं को सुचारू रखा जा सके।
‘ब्लिजार्ड’ की रफ्तार और कम दृश्यता की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों ने इस तूफान को ‘ब्लिजार्ड’ (Blizzard) की श्रेणी में रखा है, क्योंकि हवाओं की गति 35 से 60 मील प्रति घंटे के बीच दर्ज की गई। नेशनल वेदर सर्विस ने चेतावनी दी है कि इंटरस्टेट 95 कॉरिडोर पर दृश्यता इतनी कम है कि ड्राइविंग करना जानलेवा हो सकता है। तटीय इलाकों, जैसे नैंटकेट में बर्फीले झोंकों ने बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है। बर्फीली आंधी के कारण सड़कों पर फिसलन इतनी ज्यादा है कि सार्वजनिक परिवहन भी पूरी तरह ठप हो गया है।
अंधेरे में डूबे लाखों घर और ठप कारोबार
तूफान के कारण बिजली की लाइनें गिरने से पूर्वी तट पर 5.7 लाख से ज्यादा घरों और व्यवसायों की बिजली गुल हो गई है। मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां कड़कड़ाती ठंड के बीच लोग बिना हीटिंग और बिजली के रहने को मजबूर हैं। यहां तक कि न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (UN Headquarters) को भी सुरक्षा कारणों से दिनभर के लिए बंद करना पड़ा। सरकारी कार्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी गई है और कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई है।
जनजीवन ठप
स्कूल बंद और सड़कें सूनी शक्तिशाली तूफान के कारण न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और रोड आइलैंड में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। आमतौर पर चौबीसों घंटे भागने वाले शहरों की सड़कें आज पूरी तरह सूनी हैं। मैसाचुसेट्स में पूर्ण आपातकाल (Emergency) घोषित कर दिया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बर्फबारी रुकने के बाद भी जमा देने वाली ठंड और फिसलन भरी सड़कें अगले कुछ दिनों तक चुनौती बनी रहेंगी। प्रशासन अब बर्फ हटाने वाली मशीनों के जरिए मुख्य मार्गों को खोलने की कोशिश में जुटा है। (भाषा)
यह भी पढ़े–खतरे में ऊर्जा:प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।


