गांजा, ड्रग्स और अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान होगा तेज
हैदराबाद, राज्य में गांजा, ड्रग्स और नॉन ड्यूटी पेड लिकर (एनडीपीएल) की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी पुलिस का विशेष अभियान तेज होगा। सरकार की प्रजा पालना-प्रगति प्रणालिका 99 दिन योजना के तहत विभाग ने अतिरिक्त विशेष टीमें गठित कर राज्यभर में छापेमारी और सघन जांच शुरू कर दी है।



आबकारी विभाग ने ड्रग्स, गांजा और अवैध शराब की बिक्री तथा तस्करी पर रोक लगाने के लिए कई संवेदनशील इलाकों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और लगातार छापेमारी की जा रही है।
हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान
हैदराबाद में ड्रग्स, गांजा और एनडीपीएल शराब की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभाग ने कई क्षेत्रों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया है। इनमें नारायणगुड़ा, फतेहनगर, सीताफलमंडी, नेरेडमेट, शेरिलिंगमपल्ली, कुकटपल्ली, मूसा पेट, दिलसुखनगर, एलबी नगर, धूलपेट, उप्पल, नागोल, अन्नोजीगुड़ा और मांगर बस्ती शामिल हैं। इसके अलावा रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों तथा राज्य की सीमाओं पर स्थित चेकपोस्टों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
विशेष टीमों का गठन
आबकारी एनफोर्समेंट विंग के तहत चार एसटीएफ टीमें, एनफोर्समेंट टीमें तथा जिला स्तर पर डीटीएफ टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी और जांच कर रही हैं।
दिल्ली, गोवा और हरियाणा से आ रही अवैध शराब
आबकारी पुलिस ने बताया कि दिल्ली, नोएडा, गोवा और हरियाणा से बड़ी मात्रा में नॉन ड्यूटी पेड लिकर (एनडीपीएल) राज्य में लाने की कोशिशें हो रही हैं। इसे रोकने के लिए एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और चेक पोस्टों पर विशेष तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। वर्ष 2025 के दौरान एयरपोर्ट के रास्ते लाई जा रही अवैध शराब के खिलाफ शमशाबाद, सरूरनगर और मीरपेट आबकारी स्टेशनों की सीमा में सघन जांच की गई। पिछले दो महीनों में ही 43 मामलों में 335 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। वहीं वर्ष 2025 में इन तीनों स्टेशनों के तहत 337 मामलों में 3,631 लीटर शराब बरामद की गई। जबकि पूरे राज्य में वर्ष 2025 के दौरान 1251 मामलों में 16,103 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
आबकारी पुलिस ने वर्ष 2025 में एनफोर्समेंट टीमों द्वारा की गई कार्रवाई में 565 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसी तरह एसटीएफ टीमों ने 1346 किलोग्राम गांजा पकड़ा। खम्मम जिले में ही पिछले दो महीनों में रिकॉर्ड स्तर पर 23 मामलों में 185 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा 686 गांजा के पौधे, ओजी कुश, एमडीएमए, हशीश ऑयल और गांजा चॉकलेट्स भी जब्त किए गए।
यह भी पढ़ें… रेस्तराँओं ने छिपाई 408 करोड़ रुपये की बिक्री, हैदराबाद का बड़ा हिस्सा होने का अनुमान
99 दिन की योजना में और तेज होंगे अभियान
आबकारी विभाग के निदेशक शाहनवाज कासिम ने कहा कि सरकार की 99 दिन की योजना के तहत ड्रग्स, गांजा और अवैध शराब के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनफोर्समेंट टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। सरकार के निर्देशानुसार प्रजा पालन-प्रगति प्रणालिका 99 दिन कार्यक्रम के तहत ड्रग्स, गांजा और नॉन ड्यूटी पेड लिकर की तस्करी रोकने के लिए कार्रवाई को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में ड्रग्स और अवैध शराब की आपूर्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



