शिक्षा को विशेष प्राथमिकता : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी शिक्षा के प्रति विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने आज निजी स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने बताया कि राज्य में 100 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 20 हजार करोड़ की लागत से यंग इंडिया इंटीग्रेटेड स्कूल्स स्थापित कर रहे हैं। दूसरे चरण में और भी स्कूल स्थापित किए जाएँगे। इसी तरह तेलंगाना पब्लिक स्कूल्स स्थापित किए जा रहे हैं।
इन स्कूलों में नर्सरी से 12वीं कक्षा तक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी। एक छात्र पर राज्य सरकार हर साल 1 लाख 8 हजार रुपये खर्च कर रही है। एआई के कारण बड़े पैमाने पर नौकरियाँ जाने की चिंता है। इस कारण व्हाइट कॉलर नौकरियों के बजाय ब्लू कॉलर नौकरियों को बढ़ाने की आवश्यकता है। हर साल 1.10 लाख इंजीनियरिंग छात्र उत्तीर्ण हो रहे हैं। अधिकांश छात्रों के पास प्रमाण-पत्र हैं, लेकिन कौशल नहीं है। इसके लिए युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य के 26 हजार सरकारी स्कूलों में 18 लाख छात्र पढ़ रहे हैं, जबकि 11 हजार निजी स्कूलों में 33 लाख छात्र पढ़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें… हर जिले के एक मंडल में एकीकृत भूभारती पोर्टल : पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी शिक्षा की विफलता पर सभी को विचार करने की आवश्यकता है। सरकारी स्कूलों में छात्रों को नाश्ता और भोजन प्रदान किया जाएगा। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को परिवहन सुविधा भी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, विधान परिषद अध्यक्ष जी. सुखेंदर रेड्डी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



