वरंगल के समग्र विकास के लिए विशेष कदम : पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी
हैदराबाद, राजस्व मंत्री व पूर्व वरंगल जिले के प्रभारी पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि सरकार वरंगल शहर के समग्र विकास के लिए विशेष कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि वरंगल शहर में 5,257 करोड़ रुपये की लागत से भूगर्भ ड्रेनेज कार्य करने जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को इससे संबंधित टेंडर प्रक्रिया को तुरंत पूरा करके अगले महीने से काम शुरू करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का आदेश दिया।
पोंगुलेटी ने सचिवालय में धर्मस्व मंत्री कोंडा सुरेखा के साथ वरंगल जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सीएम रेवंत रेड्डी वरंगल शहर के विकास के प्रति विशेष ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को वरंगल शहर के विकास के लिए सरकारी निर्णयों को लागू करने में तेजी लाने और लोगों की जरूरतों के हिसाब से विकास के काम करने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें.. 99 दिनों की योजना के तहत एटीसी केंद्रों में आधुनिक पाठ्यक्रम : जी. विवेक
पोंगुलेटी ने साफ किया कि वरंगल जिले में किए जा रहे अलग-अलग विकास कार्य आगामी 2 जून तक पूरे हो जाने चाहिए। उन्होंने भद्रकाली मंदिर के विकास व भद्रकाली झील से गाद निकालने के बारे में अधिकारियों को कई सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि वरंगल सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। अगले जून तक इसका उद्घाटन करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने वरंगल इन्नर रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेसिडेंशियल स्कूल के लिए भू-अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने का भी आदेश दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



