श्रीलंका ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आठ प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी की

कोलंबो, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल में आई तेजी के बीच श्रीलंका ने सोमवार आधी रात से खुदरा ईंधन कीमतों में आठ प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी कर दी है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पेट्रोल एवं डीजल की खुदरा कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय की गई है जब वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें चार साल में पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गई हैं।
सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी सीलोन पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (सीपीसी) ने कहा कि संशोधित दरों के तहत व्यापक रूप से उपयोग होने वाले पेट्रोल और डीजल के दाम में प्रति लीटर 22 श्रीलंकाई रुपये की बढ़ोतरी की गई है। कंपनी ने कहा कि यह कदम ईंधन की जमाखोरी और घबराहट में की जा रही खरीद को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
श्रीलंका में पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही
सीपीसी के एक अधिकारी ने कहा, “पश्चिम एशिया में युद्ध की स्थिति की खबर आने के बाद से ईंधन की खपत में भारी वृद्धि देखी गई है।” 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष शुरू होने के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ने से श्रीलंका में पेट्रोल पंपों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
सीपीसी ने कहा कि फिलहाल श्रीलंका में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और देश के पास अप्रैल के अंत तक के लिए पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है। (भाषा)
यह भी पढ़े– नामपल्ली अपराध न्यायालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



