राज्य बार काउंसिल चुनाव के परिणाम घोषित, 23 सदस्य निर्वाचित

हैदराबाद, राज्य बार काउंसिल के लिए पिछले 30 जनवरी को हुए चुनावों के नतीजे मंगलवार को आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिए गए। बार काउंसिल की सचिव वी. नागालक्ष्मी ने जानकारी दी कि मतगणना की लंबी प्रक्रिया के बाद कुल 23 सदस्यों को निर्वाचित घोषित किया गया। वर्ष 2018 के बाद हुए इन चुनावों के लिए राज्य भर के 109 मतदान केंद्रों की स्थापना की गयी थी।

इस चुनाव में कुल 203 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था, जिनमें 55 महिला अधिवक्ता शामिल थीं। मतगणना 10 फरवरी से शुरू हुई थी। चूंकि पहली वरीयता के वोटों में किसी को स्पष्ट जीत नहीं मिली, इसलिए दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती के आधार पर परिणाम घोषित किए गए।

निर्वाचित सदस्यों में पासम अशोक गौड़, एम. जाकिर हुसैन जावेद, ए. महेश कुमार, ए. अनंतसेन रेड्डी, टी. हनुमंत रेड्डी, के. सुनील गौड़, गन्नमनेनी किरण कुमार, चलकानी वेंकट यादव, वी. रघुनाथ, एम. सहोदर रेड्डी, सामुल राम रेड्डी, दन्याद मधुसूदन राव, एम.ए.के. मुकीद, जी. अनिल कुमार, मंदादपु श्रीनिवास राव, डी. जगदीश्वर राव, गोपाल रामाराव और डी. राघवुलु शामिल हैं।

यह भी पढ़ें… मना ऊरू-मना बडी के लिए 3,497 करोड़ आवंटित

हाई पावर कमेटी करेगी दो और महिलाओं का चयन

इस बार के चुनावों की खास बात यह रही कि महिला आरक्षण कोटे के तहत पहली बार 5 महिलाएँ सीधे निर्वाचित हुईं। निर्वाचित महिलाओं में सी.एच. भानु चंद्रिका, सी.एच. शैलजा, शनिगरम परिपूर्णा, पी. सुजाता और बी. सुनीता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त हाई पावर कमेटी द्वारा दो और महिला सदस्यों का चयन किया जाएगा। ये चुनाव सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर कमेटी के तत्वावधान में संपन्न हुए। रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस यतिराजुलु ने कार्यभार संभाला। राज्य भर में कुल 35,316 मतदाता थे, जिनमें से 7,000 से अधिक महिला अधिवक्ता थीं।

चुनाव प्रचार का स्तर किसी विधानसभा चुनाव जैसा भव्य था, जिसमें उम्मीदवारों द्वारा भारी खर्च किए जाने की चर्चा रही। मतदान के दौरान बड़ी संख्या में अमान्य वोटों का पाया जाना भी ध्यानाकर्षण का केंद्र रहा। परिषद के चेयरमैन पद के लिए टी. हनुमंत रेड्डी, पासम अशोक गौड़ और सुनील गौड़ के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। विशेष रूप से सुनील गौड़ लगातार तीसरी बार बार काउंसिल के लिए निर्वाचित हुए हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button