किंग कोठी अस्पताल में राज्यव्यापी HPV टीकाकरण अभियान शुरू

हैदराबाद, तेलंगाना के चिकित्सा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री दामोदर राजानरसिम्हा ने आज किंग कोठी जिला अस्पताल में राज्यव्यापी एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देकर ही राज्य तथा राष्ट्र के भविष्य की रक्षा की जा सकती है। सभी अभिभावकों आगे आकर यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र बालिका को इस टीके का लाभ प्राप्त हो।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से वर्चुअल माध्यम से शुरू किए गए राष्ट्रीय कार्यक्रम के परिप्रेक्ष्य में आयोजित किया गया था। किंग कोठी जिला अस्पताल में हुए राज्यव्यापी एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री के साथ राज्यसभा सांसद अनिल कुमार यादव भी उपस्थित थे। इस 90 दिवसीय अभियान के अंतर्गत राज्य भर में 14 से 15 वर्ष की आयु की लगभग 4 लाख लड़कियों के निशुल्क एकल खुराक टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत सरकार एचपीवी का टीका, जिसकी कीमत निजी अस्पतालों में तीन से चार हजार रुपये है, पूरी तरह से निशुल्क उपलब्ध कराएगी।

प्रत्येक पात्र बालिका को मिले निशुल्क टीके का लाभ- दामोदर राजानरसिम्हा

दामोदर राजानरसिम्हा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह टीकाकरण अभियान राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ-साथ बालिकाओं के स्वास्थ्य की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। जिसके तेलंगाना में प्रतिवर्ष लगभग 32,000 मामले सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि इस कैंसर के 99.7 प्रतिशत मामले ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) के कारण होते हैं, जिसे समय पर टीकाकरण करवाकर रोका जा सकता है। इस जोखिम को कम करने के लिए यह टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है।

शुरुआती चरण में यह टीका सरकारी सामान्य अस्पतालों, क्षेत्रीय अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध होगा, और बाद में इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीवनशैली में बदलाव, खान-पान की आदतों और प्रदूषण जैसे कारकों के कारण कैंसर के मामलों में वृद्धि हो रही है। तेलंगाना में प्रतिवर्ष लगभग 55 से 60 हजार कैंसर के मामले दर्ज किए जाते हैं। अगले पांच वर्षों में इस संख्या में 10 प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है।

सरकार कैंसर रोकथाम के उपायों पर ध्यान केंद्रित करते हुए टीकाकरण

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस चुनौती से निपटने के लिए एक व्यापक कैंसर नीति तैयार की है। उन्होंने कहा कि मुलुगू तथा आदिलाबाद जैसे दूरदराज के इलाकों में भी कीमोथेरेपी सेवाओं का विस्तार करने के साथ-साथ हर जिले में डे केयर कैंसर सेंटर स्थापित किए गए हैं।

मोबाइल स्क्रीनिंग यूनिट के माध्यम से बीमारी का शीघ्र पता लगाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही महिला स्वास्थ्य क्लीनिकों के माध्यम से व्यापक जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कैंसर को अधिसूचित करने योग्य बीमारी घोषित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। दामोदर राजानरसिम्हा ने कहा कि सरकार कैंसर रोकथाम के उपायों पर ध्यान केंद्रित करते हुए टीकाकरण, स्क्रीनिंग, मोबाइल डायग्नोस्टिक सेवाओं और महिला स्वास्थ्य क्लीनिकों के माध्यम से सेवाओं को मजबूत करेगी।

यह भी पढ़े2034 तक मुख्यमंत्री बना रहूँगा : रेवंत रेड्डी

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button