ज्योतिबा फुले व सावित्री फुले की प्रतिमाओं का अनावरण 11 अप्रैल को

हैदराबाद, हैदराबाद जिला प्रभारी एवं परिवहन तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने बताया कि आईमैक्स थिएटर के सामने लेक व्यू पार्क में स्थापित महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले की प्रतिमाओं का अनावरण 11 अप्रैल को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा किया जाएगा। मंत्री ने अन्य मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ प्रतिमाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया।

मंत्री पोन्नम प्रभाकर और कोंडा सुरेखा ने हुसैन सागर के किनारे प्रतिमाओं के निर्माण स्थल का दौरा किया। बाद में उन्होंने प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर 11 अप्रैल को होने वाले प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्रियों ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिमा स्थापना के सभी कार्य दो दिन पहले ही पूरे कर लिए जाएं और सभा स्थल पर किसी को भी असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि सरकार ने प्रगति भवन का नाम बदलकर महात्मा ज्योतिराव फुले प्रजा भवन रखा है। अब लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से इन प्रतिमाओं का निर्माण किया जा रहा है। 11 अप्रैल की शाम मुख्यमंत्री द्वारा इनका अनावरण किया जाएगा। इन प्रतिमाओं को इस प्रकार बनाया जा रहा है कि उन्हें देखकर लोगों को फुले दंपत्ति के जीवन, उनके सामाजिक सुधार और सेवाओं की प्रेरणा मिले।

यह भी पढ़ें… राष्ट्र विकास में राजस्थानी समुदाय की भूमिका अमूल्य : राज्यपाल

महात्मा ज्योतिबा फुले के सामाजिक न्याय आंदोलनों को सराहा

मंत्री ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं की शिक्षा के लिए संघर्ष किया, जबकि महात्मा ज्योतिबा फुले ने पिछड़े वर्गों के सामाजिक न्याय के लिए अनेक आंदोलन किए। उन्होंने हम्डा, जीएचएमसी और हैदराबाद जिला प्रशासन से समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। साथ ही लोगों से आग्रह किया कि 11 अप्रैल को सुबह अपने-अपने गांवों में ज्योतिबा फुले कार्यक्रम आयोजित कर शाम को मुख्य सभा को सफल बनाएं।

मंत्री ने बताया कि इन प्रतिमाओं के आसपास इंदिरा गांधी, डॉ. बी.आर. अंबेडकर और पी.वी. नरसिंह राव की प्रतिमाएं भी स्थित हैं, जिससे यह स्थान महान व्यक्तित्वों के जीवन और विचारों को जानने के लिए प्रेरणादायक केंद्र बनेगा। स्थानीय विधायक दानम नागेंद्र ने इस मार्ग का नाम फुले मार्ग रखने का सुझाव दिया, जिसे मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा।

अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी. हनुमंत राव, एमएलसी बसवराजू सारैया, सरकारी व्हिप आदि श्रीनिवास और बिरला इलैया, विधायक दानम नागेंदर, के. सत्यनारायण, नवीन यादव, कालेरु वेंकटेश, मुठा गोपाल, बीसी आयोग के अध्यक्ष निरंजन, पूर्व मेयर गदवाल विजयलक्ष्मी, कॉर्पोरेशन चेयरमैन नूति श्रीकांत गौड़, मेट्टु साई कुमार, जेरिपाटी जयपाल, बीसी संगठनों के नेता जाजुला श्रीनिवास गौड़, दासु, बीसी कल्याण विभाग की आयुक्त बालमयादेवी, हैदराबाद कलेक्टर तथा जीएचएमसी और एचएमडीए के आयुक्त उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button