रियाद में संदिग्ध मिसाइल हमले में सीतापुर के युवक की मौत: परिवार का दावा
सीतापुर (उप्र), उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के एक युवक की सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कथित रूप से एक संदिग्ध मिसाइल हमले में मौत हो गई। युवक के परिजनों ने यह आरोप लगाते हुए दावा किया कि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, महमूदाबाद थाना क्षेत्र के बघाइन गांव निवासी रवि गोपाल (26) सितंबर 2025 से रियाद स्थित एक प्लास्टिक फैक्टरी में चालक के रूप में कार्यरत था। रवि की पत्नी रितु ने बताया कि 18 मार्च को रात करीब साढ़े नौ बजे उनकी रवि से आखिरी बार बात हुई थी।
रितु ने कहा, “करीब 20 मिनट बाद कॉल कट गई। जब दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद था। वहां मौजूद उसके दोस्तों से भी बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।” परिवार के मुताबिक, अगले दिन सऊदी अरब में ही कार्यरत बाराबंकी निवासी राम निवास ने उन्हें रवि की मौत की सूचना दी। उन्होंने बताया कि फैक्टरी परिसर के पास हुए एक मिसाइल हमले में रवि की जान चली गई।
सऊदी हादसे में रवि की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रवि के बड़े भाई मनमोहन दयाल ने कहा कि राम निवास ने उन्हें बताया कि जिस फैक्टरी में रवि काम कर रहा था, उसके पास एक मिसाइल हमला हुआ, जिससे दीवार गिर गई और वह मलबे में दब गया। उन्होंने कहा, “उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव की पहचान राम निवास ने की।”
दयाल ने बताया कि महमूदाबाद पुलिस ने घटना और रवि के रोजगार संबंधी विवरण जुटाने के लिए परिवार से संपर्क किया है, ताकि मामले का सत्यापन कर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब में ही कार्यरत परिवार का एक रिश्तेदार पुष्टि के लिए रियाद पहुंच रहा है जो फिलहाल सऊदी अरब की राजधानी से 1400 किलोमीटर दूर है।
रवि परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। परिवार में उसकी पत्नी और चार वर्षीय पुत्र हैं। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और पार्थिव शरीर को पैतृक गांव लाने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है। महमूदाबाद के उप जिलाधिकारी बी.के. सिंह ने शनिवार को बताया कि प्रशासन आगे की कार्रवाई के समन्वय के लिए परिवार के संपर्क में है।
रियाद हादसे पर सरकार और दूतावास सक्रिय, शव लाने की प्रक्रिया जारी
बी.के. सिंह ने कहा, “परिवार का विवरण एकत्र कर सरकार को भेज दिया गया है। प्रशासन लगातार संपर्क में है।” विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने शुक्रवार को एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में कहा कि सरकार को 18 मार्च की देर रात रियाद में हुए हमले में “एक भारतीय नागरिक की मृत्यु” की सूचना मिली है।
यह भी पढ़े : तेल संकट : घर से काम और उड़ान घटाने की सलाह
हालांकि उन्होंने घटना के विस्तृत विवरण नहीं दिए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास परिजनों के संपर्क में है तथा पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





