टीसीएस-ओपनएआई साझेदारी : भारत में एआई अवसंरचना को नई रफ्तार

मुंबई, टाटा समूह और उसकी सूचना प्रौद्योगिकी सेवा इकाई टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने ओपनएआई के साथ बहुआयामी साझेदारी की बृहस्पतिवार को घोषणा की। इसका मकसद कृत्रिम मेधा (एआई) अवसंरचना के निर्माण और बाजार में संयुक्त समाधान उपलब्ध कराने पर रहेगा।

यह साझेदारी टाटा समूह के हजारों कर्मचारियों को उत्पादकता बढ़ाने के लिए ओपनएआई के उद्यम चैट जीपीटी तक पहुंच भी प्रदान करेगी। इसमें सामाजिक प्रभाव का पहलू भी शामिल है, जिसके तहत भागीदार भारतीय युवाओं को प्रशिक्षित करने और 10 लाख लोगों की आजीविका सुधारने के लिए उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे। आधिकारिक बयान के अनुसार, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के हाल में घोषित डेटा केंद्र कारोबार ‘हाइपरवॉल्ट’ और ओपनएआई प्रारंभिक चरण में 100 मेगावाट की कृत्रिम मेधा क्षमता विकसित करेंगे।

यह बहुवर्षीय साझेदारी भारत को वैश्विक एआई केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से की जा रही है। बयान में कहा गया कि इस क्षमता को बढ़ाकर एक गीगावाट तक भी किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि टीसीएस ने पहले डेटा केंद्र कारोबार के लिए टीपीजी से एक अरब डॉलर का निवेश हासिल किया था और कहा था कि निजी इक्विटी कंपनी इस कारोबार में 27.5 से 49 प्रतिशत हिस्सेदारी रखेगी। ओपनएआई के साथ यह साझेदारी नयी दिल्ली में जारी इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान घोषित की गई है। इससे पहले इन्फोसिस ने उद्यम कृत्रिम मेधा समाधान देने के लिए एंथ्रोपिक के साथ साझेदारी की घोषणा की थी।

कृत्रिम मेधा में भारत को वैश्विक नेतृत्व का लक्ष्य

ओपनएआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सैम ऑल्टमैन ने कहा कि हमारी साझेदारी के माध्यम से हम मिलकर वह अवसंरचना, कौशल और स्थानीय साझेदारियां तैयार कर रहे हैं, जिनकी जरूरत भारत के साथ, भारत के लिए और भारत में कृत्रिम मेधा निर्माण के लिए है ताकि देश भर में अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि भारत पहले से ही कृत्रिम मेधा अपनाने में अग्रणी है और अपनी प्रतिभा, महत्वाकांक्षा तथा मजबूत सरकारी समर्थन के कारण इसके भविष्य को आकार देने की अच्छी स्थिति में है।

यह भी पढ़े: टीसीएस इस साल 12,000 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी करेगी

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इसे दोनों संस्थाओं के बीच गहन सहयोग बताते हुए कहा कि यह भारत के वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा में अग्रणी बनने के दृष्टिकोण की दिशा में यह एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह ओपनएआई और टीसीएस के लिए उद्योगों को रूपांतरित करने का अनूठा अवसर है। हम मिलकर भारत के युवाओं को कौशल देंगे और उन्हें कृत्रिम मेधा युग में सफल होने के लिए सशक्त बनाएंगे। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button