तेलंगाना आंगनवाड़ियों में होंगी ‘पोषण सखी’ की नियुक्ति
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने मिड-डे मील के साथ स्कूलों में नाश्ता (ब्रेकफास्ट) उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित की है। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री कार्तिक मुरलीधरन ने आज विधान परिषद हॉल में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात कर मानव विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
मुरलीधरन ने सुझाव दिया कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन देने के लिए एक अतिरिक्त कर्मचारी नियुक्त किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि इस अतिरिक्त कर्मचारी को पोषण सखी के रूप में नियुक्त किया जाएगा, जो बच्चों को पौष्टिक आहार वितरण में मदद करेगी।
तेलंगाना में शून्य से 10 वर्ष तक के बच्चों में पोषण की कमी
बैठक के दौरान कार्तिक मुरलीधरन ने मुख्यमंत्री का ध्यान तेलंगाना में शून्य से 10 वर्ष तक के बच्चों में पोषण की कमी और सीखने के स्तर में अंतर से जुड़ी रिपोर्टों की ओर दिलाया। उन्होंने यह भी बताया कि कम उम्र में पोषण की कमी से भविष्य में स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही, प्रारंभिक शिक्षा सही न मिलने पर बच्चों में मानसिक तनाव की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने अर्थशास्त्री के सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार पहले से ही इन मुद्दों पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने मिड-डे मील के साथ स्कूलों में नाश्ता उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त धनराशि आवंटित की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुरलीधरन के सुझावों को कोर अर्बन रीजन इकोनॉमी क्षेत्र के 29 स्कूलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने की संभावनाओं का अध्ययन करें।
साथ ही, इस विषय पर विशेषज्ञ के साथ परामर्श कर एक विस्तृत रिपोर्ट सरकार को प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री सीताक्का, मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़े– हिंदी को बढ़ावा मिलने पर अन्य सभी भाषाएं मजबूत होती हैं: अमित शाह
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



