तेलंगाना : करोड़ों रुपये के डिपॉजिट घोटाले का आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद, तेलंगाना की सीआईडी पुलिस ने 792 करोड़ रुपये के डिपॉजिट घोटाले में फरार आरोपी विकास कुमार साखरे (40) को गिरफ़्तार कर लिया। सीआईडी पुलिस ने आरोपी को आज उसके आवास लक्ष्मी नगर कॉलोनी, हैदरशाकोट से गिरफ़्तार किया। उसे गिरफ़्तार करने के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
तेलंगाना की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) चारू सिन्हा ने यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि 792 करोड़ रुपये के डिपॉजिट घोटाले में आरोपी विकास कुमार ने कैपिटल प्रोटेक्शन फोर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सीओओ के पद पर रहते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि विकास कुमार ने फाल्कन ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रबंध निदेशक अमरदीप कुमार व अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फाल्कन इनवॉइस डिस्काउंट ऐप के जरिए 7,056 लोगों से 4,215 करोड़ रुपये का डिपॉजिट इस आश्वासन पर प्राप्त किया कि उन्हें भारी ब्याज दिया जाएगा।
यह भी पढ़े: तेलंगाना में बड़ी कार्रवाई, फाल्कन समूह के पूर्व सीओओ गिरफ्तार
कुछ दिन तक पैसा जमा करने वालों को ब्याज का भुगतान किया गया, लेकिन बाद में 4,065 लोगों के साथ धोखाधड़ी कर उनके द्वारा जमा किये गये 792 करोड़ रुपये गबन कर लिये गये। प्राप्त शिकायतों के आधार पर आरोपियों व उनकी कंपनी के खिलाफ कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज किये गये और मामलों की जांच-पड़ताल सीआईडी पुलिस के हवाले कर दी गयी। सीआईडी पुलिस इस मामले में अमरदीप कुमार को पहले गिरफ्तार कर लिया था और फरार आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद उसे अदालती आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



