तेलंगाना गुड्स एण्ड सर्विसेस टैक्स संशोधन विधेयक पारित
हैदराबाद, विधानसभा में आज सर्वसम्मति से तेलंगाना गुड्स एण्ड सर्विसेस टैक्स संशोधन विधेयक पारित किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार के निर्देश पर मुख्यमंत्री की ओर से आबकारी मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने संशोधन विधेयक पेश किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वन नेशन वन टैक्स को अमल में लाते हुए राज्यों में सेल्स टैक्स को लेकर एकरूपता ला रही है।
इसलिए इस विधेयक में संशोधन करते हुए इसके पूर्व जीएसटी आयुक्त के पद को बदलते हुए मुख्य आयुक्त के रूप में बदला गया है। अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय के लिए यह संशोधन किया गया। विधेयक पर चर्चा करते हुए कांग्रेस विधायक टी. राममोहन रेड्डी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी की दरों में कमी लाने के कारण राज्य सरकार को लगभग 7 हजार करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।
यह भी पढ़े : विधानसभा : सरकार को महुए की शराब बनाने का सुझाव
टी. राममोहन रेड्डी ने ऐसी शैक्षणिक संस्थाओं और मेडिकल कॉलेजों को जीएसटी में छूट देने की सिफारिश की, जो 50 प्रतिशत सीट निशुल्क आवंटित कर रही हैं। यह छूट उन्हें मेडिकल उपकरण, लैब उपकरण खरीदने और निर्माण संबंधी सामग्री में दी जाए। भाजपा विधायक पालवाई हरीश बाबू ने विधेयक के प्रति पार्टी की ओर से पूरा समर्थन जताया। एमआईएम विधायक अहमद बिन अब्दुल्ला बलाला ने कुछ सुझाव देते समर्थन जताया। आबकारी मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने कहा कि यह विधेयक सिर्फ अधिकारी के ओहदे को बदलने का है। अन्य जो कुछ भी मामले उठाए गए हैं, उन्हें अन्य किसी रूप में पेश करने पर इसका जवाब दिया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



