तेलंगाना हाईकोर्ट : 26 को उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के चुनाव
हैदराबाद, तेलंगाना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता संघ (2026-27) की कार्यकारिणी के लिए आगामी 26 मार्च को चुनाव संपन्न होंगे। इस दिन सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक मतदान होगा और शाम 5.30 बजे मतों की गणना करने के बाद परिणाम जारी किए जाएँगे।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में चुनाव अधिकारी ने बताया कि नामांकन-पत्र 10 मार्च को सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक प्राप्त किए जाएँगे। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 12 मार्च शाम 4.30 बजे तक रहेगी। उसी दिन शाम 5.30 बजे नामांकन-पत्रों की छटाई कर उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। चुनाव अधिकारी ने बताया कि 13 मार्च की सुबह 10.30 से शाम 4.30 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।
उसी दिन शाम 5.30 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, दो कार्यकारिणी सदस्य, महिला कोटा में संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, स्पोर्ट्स एण्ड कल्चरल सचिव के एक-एक पद के लिए चुनाव होंगे। इसी प्रकार 25 कार्यकारिणी सदस्यों का भी चुनाव होगा, जिनमें 15 वर्ष का अनुभव रखने वाले अधिवक्ता के कोटा में एक महिला समेत दो सदस्य, महिला कोटा में दो सदस्य, सामान्य कोटा में तीन सदस्य रहेंगे। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन शुल्क 60 हजार रुपये, उपाध्यक्ष पद के लिए 50 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
यह भी पढ़ें… सिनेमा घरों में पार्किंग के लिए शुल्क न लें : तेलंगाना उच्च न्यायालय
सचिव पद के लिए 40 हजार रुपये, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, स्पोर्ट्स एण्ड कल्चरल सचिव पदों के लिए 30-30 हजार रुपये शुल्क वसूला जाएगा। कार्यकारिणी सदस्यों के लिए 10 से 25 हजार रुपये के शुल्क का निर्धारण जारी अधिसूचना में किया गया है। नामांकन भरने वाले उम्मीदवारों को संघ की सदस्यता संबंधी स्टैण्डिंग सर्टिफिकेट संलग्न करना होगा और नामांकन शुल्क ऑनलाइन स्तर पर जमा करना होगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



