तेलंगाना : केएमसी के सात एमबीबीएस छात्र ‘रैगिंग’ के आरोप में निलंबित
हैदराबाद, तेलंगाना में वारंगल स्थित काकातिया मेडिकल कॉलेज (केएमसी) के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के सात छात्रों को कुछ कनिष्ठ छात्रों को अर्धनग्न करने और उनके खिलाफ कठोर भाषा का प्रयोग करने के आरोप में कॉलेज से एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपों का सामना कर रहे छात्रों को पाठ्यक्रम पूरा होने तक छात्रावास से निकाल दिया गया है। तीसरे वर्ष के छात्रों और उनके कनिष्ठों के बीच कथित अनबन और रैगिंग की घटनाएं 29 मार्च से शुरू हुईं और सात अप्रैल को कॉलेज अधिकारियों के संज्ञान में आईं। वरिष्ठ छात्रों पर कनिष्ठों के साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप है।
अधिकारी ने बताया कि रैगिंग रोधी समिति द्वारा आठ अप्रैल को जांच की गई, जिसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि निलंबित छात्रों को एक महीने तक कॉलेज परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी और कॉलेज अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों की समीक्षा के बाद, यदि आवश्यक हुआ तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



