तेलंगाना में बढ़ते तापमान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने किया सचेत
हैदराबाद, तेलंगाना सार्वजनिक स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण निदेशालय ने बढ़ते तापमान को लेकर नागरिकों को सचेत किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में आगामी कुछ दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस वृद्धि होने की संभावना है। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सभी नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
राज्य में बढ़ते तापमान के बीच तेलंगाना सार्वजनिक स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण निदेशालय द्वारा नागरिकों के लिए लू तथा गर्मी के प्रभाव से बचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें कहा गया है कि गर्मी के प्रभाव से बचने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
हीटवेव के खतरे को लेकर एडवाइजरी जारी
यात्रा के दौरान पेयजल अपने साथ रखें। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी तथा फलों के रस के साथ-साथ पानी की अधिक मात्रा वाले मौसमी फलों सब्जियों जैसे तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानास सहित स्थानीय फल तथा खीरा-ककड़ी आदि का सलाद के रूप में भरपूर प्रयोग करें। शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड शीतल पेय या बडी मात्रा में चीनी वाले पेय पदार्थों के सेवन से बचें। उच्च प्रोटीन वाले भोजन से बचें और बासी भोजन भी न करें।
अन्य दिशा-निर्देशों में कहा गया कि लोग मौसम के अनुरूप पतले-ढीले हल्के रंग के सूती वस्त्र धारण करें। घर या कार्यालय स्थल से बाहर निकलने के दौरान सीधी धूप के संपर्क में आने से बचते हुए सिर ढक कर रखें। दिन में खिड़कियां और पर्दे बंद रखें। गर्मी के चरम घंटों के दौरान खाना पकाने से बचें।
जितना संभव हो घर या कार्यस्थल के अंदर रहें। खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
यह भी पढ़े– गवर्नमेंट मॉडल आलिया हाई स्कूल, नामपल्ली में वित्तीय साक्षरता पहल
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



