ठाणे : बिल्डर के घर से 13 लाख रुपये की सोने की चेन चोरी, चार पर केस दर्ज
ठाणे, नवी मुंबई में 26 वर्षीय रियल एस्टेट डेवलपर के घर में कथित रूप से घुसकर चार लोगों ने 13 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन चुरा ली। घटना उस वक्त हुई जब युवक विदेश गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर उन्होंने युवक के चालक, अंगरक्षक, घरेलू सहायक और पूर्व चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नवी मुंबई के खारघर निवासी युवक और उसकी मां 30 नवंबर को इंडोनेशिया के बाली गए थे और सात दिसंबर को लौटे थे। लौटने पर युवक ने पाया कि उसकी 109.7 ग्राम वजनी और 13.2 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन दराज से गायब है।
यह भी पढ़े: केरल : सबरीमला मंदिर से सोने की चोरी, पूर्व अधिकारी गिरफ्तार
खारघर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आवास के सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला है कि उनकी अनुपस्थिति के दौरान चार संदिग्ध उनके बेडरूम में मौजूद थे। अधिकारी ने बताया कि उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को चारों संदिग्धों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 (सेवक या लिपिक द्वारा मालिक की संपत्ति की चोरी) के तहत मामला दर्ज किया है और इसकी जांच की जा रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



