अमेरिका के कैलिफोर्निया में 50 साल का सबसे खतरनाक बर्फीला तूफान
वॉशिंगटन: अमेरिका के कैलिफोर्निया में आए बर्फीले तूफान और हिमस्खलन में आठ स्कीयर की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि कैलिफोर्निया के लेक ताहो के पास आठ बैककंट्री स्कीयर की लाशें मिली गई हैं। एक अन्य लापता स्कीयर की तलाश की जा रही है। माना जा रहा है कि उसकी मौत हो गई है। ये लोग मंगलवार को आए एवलांच (हिमस्खलन) में फंस गए थे। इसे अमेरिका का बीते 50 साल का सबसे खतरनाक एवलांच माना जा रहा है।
नेवाडा काउंटी की शेरिफ शैनन मून ने बुधवार को कहा कि मंगलवार को कैसल पीक इलाके में करीब फुटबॉल फील्ड के साइज का एवलांच आने के बाद पंद्रह स्कीयर लापता बताए गए। इनमें छह को बचा लिया गया है। आठ की लाश मिल गई है और आखिरी लापता स्कीयर की तलाश जारी है लेकिन उसके बचने की उम्मीद नहीं है। परिवार को बताया गया है कि ऑपरेशन अब रेस्क्यू से रिकवरी में बदल गया है
स्कीयर को वक्त ही नहीं मिला
स्कीयर के पास रिएक्ट करने का समय नहीं था। नुकसान के पैमाने ने बैककंट्री स्कीइंग कम्युनिटी और रेस्क्यू टीमों को चौंकाया है। मून ने माउंट रेनियर आपदा का जिक्र करते हुए कहा कि यह 1981 के बाद यूएस में सबसे खतरनाक एवलांच है, जिसमें 11 क्लाइंबर मारे गए थे।
इंटरस्टेट 80 के उत्तर में डोनर समिट के पास कैसल पीक इलाके में मंगलवार सुबह एवलांच आया। यह तब हुआ जब सर्दियों के एक बड़े तूफान से पूरे इलाके में भारी बर्फबारी हुई। अधिकारियों को 911 पर कॉल आया, जिसमें बताया गया कि करीब 15 स्कीयर दब गए हैं।
बर्फीला तूफान बना आफत
ग्रुप के छह लोग बच गए और घंटों की खोज के बाद उन्हें जिंदा पाया गया। नेवादा काउंटी शेरिफ ऑफिस की एश्ले क्वाड्रोस के मुताबिक, दो को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया है। इसके बाद से बचाव दल खतरनाक पहाड़ी हालात में आखिरी लापता स्कीयर की तलाश कर रहे हैं।
भारी बर्फबारी, तेज हवाएं और ज्यादा बर्फ गिरने के खतरे ने बचाव दल की कोशिशों को धीमा कर दिया है।बुधवार को कई फीट ताजी बर्फबारी और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। इससे इलाके में मौसम को लेकर अनिश्चित्ता बनी हुई है। (भाषा)
यह भी पढ़े– मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्राप्त किया हार्वर्ड का प्रमाणपत्र
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



