हिन्दू सम्मेलन समिति ने हिन्दू एकता और सामाजिक समरसता पर दिया जोर
हैदराबाद, हिन्दू सम्मेलन समिति द्वारा बोइनपल्ली स्थित गणेश मंदिर प्रांगण में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन भव्यता से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि श्रीश्री मंगला पीठ के पूज्य अष्टतीर्थ स्वामीजी ने अपना आशीर्वचन दिया। कार्यक्रम में हिन्दू सम्मेलन समिति के अध्यक्ष जैन रत्न संपतराज जैन ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया एवं हिन्दू सम्मेलन के आयोजन की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में वक्ता के तौर पर गुधि गोंडा सुषमा ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक द्वारा प्रेरित पंच परिवर्तन पर प्रकाश डालते हुए उसके सभी बिन्दुओं तथा सामाजिक समरसता, पर्यावरण, नागरिक कोष, स्वदेशी एवं कुटुम्ब प्रबोधनी पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुधाकर का स्वागत रमेश कुमार गोयल एवं तुम्मला नागेन्द्र ने किया।
संघ के 100 वर्षों के कार्यों का किया उल्लेख
वरिष्ठ पत्रकार राका सुधाकर ने अपने सारगर्भित भाषण में हिन्दुस्तान के मानचित्र का वर्णन करते हुए हिन्दू एकता एवं सांस्कृतिक भावना की ओर ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि हम अगर भारत की एकता की बात करते हैं तो वह हिन्दू एकता से आरंभ होगी। इस धर्म के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ 100 वर्षों से कार्य कर रहा है। हमें सनातन एवं प्रौद्योगिक दोनों को साथ लेकर चलना होगा अर्थात प्राचीन एवं अर्वाचीन।
यह भी पढ़ें… बिहार समाज सेवा संघ हैदराबाद की नई कार्यकारिणी गठित
यह हिन्दू सम्मेलन हमारे समाज को दिशा देने में सफल होगा। अवसर पर आशा नायुडू के निर्देशन में 10 लड़कियों द्वारा कुचिपुड़ी एवं कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गयी। आशा नायुडू को स्वामीजी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन यादगिरी द्वारा किया गया। जे. रमेश गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संपतराज जैन के अतिरिक्त तुम्मला नागेश्वर, शरत बाबू, श्रीकुमार स्वामी, श्रीसाई, राजकुमार, डॉ.ए.के. गुप्ता, संतोष, कंटोनमेंट बोर्ड वाइस चेयरमैन नर्मदा मल्लिकार्जुन सहित भावना एन्क्लेव के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ, जिसका सभी ने लाभ लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



