खराब फॉर्म से जूझ रहे एक बल्लेबाज को बाहर कर सकती है भारतीय टीम

अहमदाबाद, भारतीय टीम प्रबंधन खराब फॉर्म में चल रहे तीन में से कम से कम एक बल्लेबाज को बाहर कर सकता है जबकि शीर्षक्रम में कई खब्बू बल्लेबाजों को उतारने की अपनी रणनीति की भी समीक्षा करेगा । मुख्य कोच गौतम गंभीर के सहयोगी रियान टेन डोइशे और सितांशु कोटक ने यह संकेत दिये ।

दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप सुपर आठ मुकाबले में भारत को 76 रन से हराया । अब भारत को अगले दोनों मैच जीतने होंगे लिहाजा टीम प्रबंधन को अभिषेक शर्मा (चार मैचों में 15 रन) और तिलक वर्मा ( पांच मैचों में 107 रन ) के प्रदर्शन पर विचार करना होगा । रिंकू सिंह भी फिनिशर की भूमिका नहीं निभा सके हैं और 29 गेंदों में 82 . 75 की स्ट्राइक रेट से 24 रन बनाये हैं ।

बल्लेबाजी कोच कोटक ने कहा ,‘‘ अगर मुख्य कोच और टीम प्रबंधन को लगता है कि हमें कुछ अलग करना होगा तो हम करेंगे । अब इस पर विचार हो रहा है कि अगर हमें बदलाव करना है तो वह क्या होगा और कैसे होगा ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ अब हम ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं कि हमें यह सोचना होगा कि कुछ अलग करना है या उसी संयोजन से काम करना है ।’’

टीम करेगी सैमसन और फॉर्म खिलाड़ियों पर विचार

वहीं टेन डोइशे ने स्वीकार किया कि टीम में बैकअप में विशेषज्ञ बल्लेबाजों का अभाव चिंता का विषय है । उन्होंने कहा ,‘‘ या तो आप उन्हीं खिलाड़ियों को चुनते हैं जो आपको लगता है कि पिछले डेढ साल में अच्छा खेल रहे हैं , भले ही अभी रन नहीं बना पा रहे हैं । या फिर बदलाव करके संजू सैमसन को लाते हैं जो शानदार खिलाड़ी है और शीर्षक्रम में दाहिने हाथ का बल्लेबाज होने से भी मदद मिलेगी ।’’

कोटक ने कहा ,‘‘ अगले दो अहम मैचों से पहले सैमसन को शामिल करने के बारे में अगले कुछ दिन में बात की जायेगी ।’’केकेआर के पूर्व हरफनमौला ने कहा कि अभिषेक और तिलक का फॉर्म टीम के लिये चिंता का विषय है । उन्होंने कहा ,‘‘ मैं अभि या तिलक के लिये बहाना नहीं बनाऊंगा । उन्हें बहानों की जरूरत नहीं है । मुझे लगता है कि पेट के संक्रमण से अभिषेक की तैयारियों पर काफी असर पड़ा है और वह वैसे नहीं खेल पा रहा, जैसे खेलना चाहिये था ।’’

यह भी पढ़े : टी20 विश्व कप में दबदबा कायम करना चाहती है टीम: मंधाना

यह पूछने पर कि उसे क्या सलाह देंगे, कोटक ने कहा ,‘‘ बल्लेबाजी कोच होने के नाते मेरा मानना है कि उसे जरूरत से ज्यादा सलाह देने की बजाय उसके दिमाग को व्यवस्थित रहने दें । दो दिन में आप कुछ बदल नहीं सकते बल्कि जरूरत से ज्यादा सलाह देने से उसका आत्मविश्वास हिल सकता है । उसे अभी गेंद को देखकर अपनी पारी को बेहतर बनाना होगा ।’’ (भाषा )

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button