दमरे महिला संगठन अध्यक्ष ने किया कल्याणकारी सुविधाओं का निरीक्षण
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष वंदना श्रीवास्तव ने हैदराबाद डिवीजन में विभिन्न कल्याणकारी सुविधाओं का निरीक्षण किया। अवसर पर उपाध्यक्ष अमिता प्रकाश, हैदराबाद डिवीजन अध्यक्ष आशा वर्मा, उपाध्यक्ष डी.वाई. सुनीता, सचिव ऐश्वर्या, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक-हैदराबाद डिवीजन डॉ. सी.एच. पद्मा व अन्य उपस्थित थे।



वंदना श्रीवास्तव ने सबसे पहले नॉर्थ लालागुड़ा स्थित टाइनी टॉट्स स्कूल का दौरा किया। उन्होंने स्कूल की प्रभारी अर्चना शर्मा, प्रधानाचार्य डी. श्रीवानी तथा शिक्षकों की उपस्थिति में नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों से बातचीत की। इसके बाद रेलवे कॉलोनी में स्थित हेयर पोएट्री यूनिसेक्स सैलून एंड लाउंज, नीडल एंड थ्रेड्स स्टीचिंग सेंटर, एससीआर सेंट्रल हॉस्पिटल, लालागुड़ा परिसर स्थित अक्षया ज़ेरॉक्स सेंटर, हैदराबाद डिवीजन के संभागीय कार्यालय में स्थित श्री वेंकटेश्वर कैंटीन के साथ-साथ संभागीय कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए बने महिला विश्राम कक्ष का भी दौरा किया।
इस दौरान वंदना श्रीवास्तव ने सभी कल्याण केंद्रों के कामकाज की समीक्षा की और कर्मचारियों व लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कल्याण सुविधाओं के रखरखाव में हैदराबाद डिवीजन द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए रेलवे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लाभ के लिए गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करने के महत्व पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें… फैंसी वाहन नंबरों की नीलामी से आरटीए ने कमाए 31 लाख
अवसर पर उन्होंने हैदराबाद डिवीजन के दक्षिण मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन द्वारा रेलवे परिवारों के बीच कल्याणकारी गतिविधियों, स्वास्थ्य देखभाल जागरूकता और सामुदायिक समर्थन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई विभिन्न पहलों पर भी चर्चा की। दौरे के अंत में संगठन के अंतर्गत सुविधाओं में सुधार करने तथा कल्याणकारी कार्यों को मजबूत करने के सुझाव दिए गए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



