थ्री ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था हासिल करने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण
हैदराबाद, उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने कहा कि राज्य 2047 तक 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को पाने में पुलिस की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आज सचिवालय में गृह, आईटी व उद्योग विभागों की पूर्व बजट बैठक के दौरान कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में निवेशकर्ता निवेश करने आ रहे हैं। ऐसे में बेहतर कानून व्यवस्था बहुत जरूरी है।
राज्य में हर हरकत पर पुलिस अधिकारियों की नजर होनी चाहिए। इस मामले में कोई छोटी सी भी गलती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गृह विभाग को अपने काम को पूरा करने में राज्य सरकार से पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि हैदराबाद शहर दुनिया का बड़ा शहर बन रहा है। इसके मद्देनजर सरकार तेजी से कई सुधार लागू कर रही है।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद को ट्रैफिक समस्या से मुक्ति के लिए कनेक्टिविटी में हो सुधार : सीएम
पुलिस विभाग में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग का सुझाव
भट्टी ने सुझाव दिया कि पुलिस विभाग में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल धीरे-धीरे बढ़ाया जाना चाहिए। इसी तरह, अपराध नियंत्रण में सीसीटीवी कैमरे बहुत जरूरी हैं। सरकार राज्य में सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल बढ़ाने, जरूरत पड़ने पर मरम्मत करने, छोटी से छोटी हरकत का भी तुरंत पता लगाने और निगरानी को मजबूत करने के लिए ज़रूरी मदद देगी। भट्टी विक्रमार्का ने आगे कहा कि 2047 तक थ्री ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था हासिल करने के लिए सार्वजनिक व निजी मॉडल बहुत जरूरी है।
भट्टी विक्रमार्का ने उद्योग अधिकारियों को इसके अनुरूप योजना तैयार करके आगे बढ़ने का सुझाव दिया। उन्होंने सेवा व उद्योग क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण व कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा देने का आदेश दिया। साथ ही कहा कि सरकार का विचार सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देना है। एमएसएमई एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार देने और उन्हें उद्योगपति बनने के लिए प्रशिक्षण देने की क्षमता भी है।
अवसर पर मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा कि राज्य 41 ग्लोबल कैपबिलिटी सेंटरों के साथ देश में पहले स्थान पर है। सरकार इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर प्रोत्साहन देगी। उन्होंने डेटा सेंटरों में बड़े पैमाने पर कृत्रिम बुद्धिमता का उपयोग करने की सलाह दी। बैठक में राज्य सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव, गृह विशेष मुख्य सचिव सीवी आनंद, वित्त प्रदान सचिव संदीप कुमार सुल्तानिया व अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



