रुपया शुरुआती कारोबार में सात पैसे मजबूत होकर 92.14 प्रति डॉलर पर बंद हुआ

मुंबई, वैश्विक तेल कीमतों में गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे मजबूत होकर 92.14 पर पहुंच गया।अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 91.92 पर खुला और कुछ ही देर में यह 92.14 प्रति डॉलर पर कारोबार कर रहा था।
यह पिछले बंद भाव के मुकाबले सात पैसे की मजबूती दर्शाता है। सोमवार को रुपया 39 पैसे टूटकर डॉलर के मुकाबले 92.21 पर बंद हुआ था, जो इसका अब तक का सबसे निचला बंद स्तर है। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और डॉलर की मजबूती से रुपये में बड़ी कमजोरी आई थी।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि मंगलवार को कमजोर डॉलर और घरेलू शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत से रुपये को समर्थन मिला। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की भारी बिकवाली के कारण इसकी तेजी सीमित रही।वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 4.69 प्रतिशत गिरकर 94.32 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
यह भी पढ़े : रुपया 53 पैसे टूटकर अपने सबसे निचले स्तर 92.35 प्रति डॉलर पर
इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिरकर 98.92 पर आ गया। घरेलू शेयर बाजार में भी तेजी का रुख रहा। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 809.57 अंक बढ़कर 78,375.73 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 252.75 अंक चढ़कर 24,280.80 पर कारोबार कर रहा था। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



