शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार ने तेजी पकड़ी

मुंबई, पश्चिम एशिया में तनाव जल्द खत्म होने की उम्मीद बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच मंगलवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार उछाल आया। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 809.57 अंक चढ़कर 78,375.73 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह, एनएसई का मानक सूचकांक निफ्टी 252.75 अंक बढ़कर 24,280.80 अंक पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 5.18 प्रतिशत गिरकर 93.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट को भारत जैसे आयातक देशों के लिए सकारात्मक माना जा रहा है क्योंकि इससे आयात बिल और महंगाई पर दबाव कम होगा।सेंसेक्स के समूह में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाइटन के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस, इटरनल, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

कच्चे तेल में गिरावट से वैश्विक बाजारों में बढ़ा निवेशकों का भरोसा

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुदी आर. ने कहा, ‘अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष जल्द समाप्त होने को लेकर जताई गई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उम्मीद ने कच्चे तेल और अमेरिकी डॉलर को नरम किया। इससे वैश्विक बाजारों में जोखिम लेने की धारणा बेहतर हुई है।’

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 6,345.57 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 9,013.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि ब्रेंट क्रूड की कीमत सोमवार को लगभग 120 डॉलर तक पहुंच गई थी, लेकिन मंगलवार सुबह यह तेजी से गिरकर करीब 89 डॉलर पर आ गई।

यह भी पढ़े : कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 2,494 अंक लुढ़का

एक ही दिन में करीब 30 डॉलर का यह उतार-चढ़ाव पश्चिम एशिया के संघर्ष को लेकर वैश्विक तेल आपूर्ति पर अनिश्चितता को दर्शाता है। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक करीब पांच प्रतिशत उछला, जबकि जापान का निक्की सूचकांक 2.5 प्रतिशत चढ़ गया। चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त में कारोबार कर रहे थे। सोमवार को सेंसेक्स 1,352.74 अंक यानी 1.71 प्रतिशत टूटकर 77,566.16 पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी 422.40 अंक यानी 1.73 प्रतिशत गिरकर 24,028.05 पर बंद हुआ था। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button