रेवंत रेड्डी व केटीआर के बीच मिलीभगत : बंडी संजय
हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने बीआरएस कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री केटीआर तथा मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के बीच मिलीभगत होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसलिए केटीआर पर दर्ज मामलों को लेकर मुख्यमंत्री अंजान बने हुए हैं।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया के साथ औपचारिक बातचीत में केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने कहा कि कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना में 1 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार होने के आरोप लगाने वाले मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सुंदिल्ला, अन्नारम व मेडीगड्डा के मात्र 9 हजार करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच कराने तक क्यों सीमित हो चुके हैं, बताएं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं प्रॉजेक्टों में बीआरएस विधायक दल के उप नेता टी. हरीश राव की भूमिका है इसलिए सीएम रेवंत इतने तक ही सीमित हैं।
यदि 1 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार की जांच मांगी गई तो केसीआर का परिवार फंसेगा, इसलिए सीएम इस पर अंजान बन रहे हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीआरएस दोनों दल एक हो चुके हैं, इसलिए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पूर्व मंत्री टी. हरीश राव से सतर्क रहने की विधायक केटीआर को सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि केटीआर और सीएम रेवंत रेड्डी के बीच डील तय हो चुकी है।
यह भी पढ़ें… आंगनवाड़ी में 15 हजार पदों पर नियुक्ति शीघ्र : सीतक्का
फार्मूला ई, ड्रग्स और फार्महाउस मामले ठंडे बस्ते में पड़े
इसलिए फार्मूला ई कार रेस मामला, ड्रग्स व फार्महाउस मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि दरअसल मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी खुद केटीआर और के. कविता के बीच सुलह कराने के प्रयास कर रहे हैं क्योंकि भविष्य में बीआरएस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने की योजना मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवारवाद के खिलाफ है। हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही स्पष्ट कर दिया था कि राजनीतिक पारिवारवादियों को चुनाव में टिकट नहीं मिलेगा।
ऐसे में भ्रष्टाचारी परिवारवादी पार्टी बीआरएस के साथ भाजपा कैसे गठबंधन कर सकती है। उन्होंने बीआरएस के साथ बीजेपी के गठबंधन के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि बीआरएस के साथ बीजेपी का गठबंधन कभी संभव नहीं होगा। केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने 5 राज्यों में होने वाले चुनावों पर भविष्यवाणी करते हुए कहा कि कांग्रेस किसी एक राज्य में भी नहीं जीतेगी। उन्होंने कहा कि असम व पश्चिम बंगाल में भाजपा सत्ता में आएगी वहीं तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सत्ता होगी।
केरलम में भाजपा के अनुकूल परिणाम आएंगे। उन्होंने कहा कि सारे सर्वेक्षण भाजपा के अनुकूल बता रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जैसे ही पुनर्सीमांकन की बात आई, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के होश उड़ चुके हैं। वे डिप्रेशन में चले गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए उत्तर या दक्षिण, सभी समान हैं। कोई भेद नहीं है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



