पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कमी नहीं : हरिचंदना दासरी

हैदराबाद, हैदराबाद जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी ने आज कहा कि जिले में ईंधन और एलपीजी प्रचुर मात्रा उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से केवल आधिकारिक जानकारी को ही आधार मानने की सलाह देते हुए किसी भी प्रकार की अफवाहों से प्रभावित न होने की अपील की। कोई समस्या या अनियमितता होने पर उसकी सूचना कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर पर दी जानी चाहिए। दहशत फैलाने, शांति भंग करने या अवैध गतिविधियों में शामिल होने जैसे कृत्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हरिचंदना दासरी ने कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय ऊर्जा आपूर्ति निगरानी समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान उन्होंने जिले के एजेंसी प्रबंधकों और वितरकों के साथ पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता, स्टॉक तथा आपूर्ति की स्थिति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि हैदराबाद जिले में लगभग 18.62 लाख घरेलू एलपीजी कनेक्शन और 69 एलपीजी स्टेशन हैं। घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन आयात में कमी के कारण निजी ऑपरेटरों द्वारा संचालित ऑटो एलपीजी सेगमेंट पर कुछ दबाव है। उन्होंने कहा कि हाल में लोगों की देखी गई चिंता तथा घबराहट के कारण घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बुकिंग में अस्थायी रूप से वृद्धि हुई है। साथ ही यह बुकिंग दैनिक औसत से अधिक दर्ज की जा रही है।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद : अतिक्रमणों पर चले हैद्रा के बुल्डोज़र

अगले 15 दिनों में एलपीजी आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश

हरिचंदना दासरी ने अधिकारियों को अगले 15 दिनों में आपूर्ति बढ़ाने और स्थिति को स्थिर करने हेतु उचित कदम उठाने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सरकारी छात्रावासों, अस्पतालों, आरोग्यश्री और आंगनवाड़ी केंद्रों में निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला कलेक्टर ने बुकिंग और रिफिलिंग नियमों के कड़ाई से पालन का आदेश देते हुए कहा कि दो सिलेंडर कनेक्शन वाले उपभोक्ता दोहरी बुकिंग से बचें।

एक सिलेंडर कनेक्शन वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाए तथा सभी उपभोक्ताओं को न्यूनतम आवश्यक एक सिलेंडर मिलने के बाद ही दूसरा सिलेंडर आवंटित करें। उन्होंने तेल कंपनियों और एलपीजी एजेंसियों को जिले के आंकड़ों के आधार पर समय-समय पर बुकिंग की जांच करने और अनावश्यक बुकिंग व दुरुपयोग को रोकने के लिए कदम उठाने का भी निर्देश दिया।

हरिचंदना दासरी ने कहा कि ईंधन वितरण केंद्रों पर जनता की सुविधा सुनिश्चित करने, सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि जमाखोरी, कालाबाजारी तथा अधिक कीमत पर बिक्री जैसी अनियमितताओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। राहत आपूर्ति अधिकारियों को ईंधन आउटलेट और एलपीजी गैस एजेंसियों की बारीकी से निगरानी करने और स्टॉक व आपूर्ति की स्थिति का विवरण प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पुलिस विभाग को ईंधन वितरण केंद्रों, परिवहन वाहनों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया गया है। बैठक में जिला नागरिक आपूर्ति, पुलिस, छात्रावास कल्याण, चिकित्सा, परिवहन व अन्य विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button